AQI in Delhi-NCR : तापमान में गिरावट के साथ हुई सर्दी की आहट से ही दिल्ली की आबोहवा बिगड़ने लगी है। दिल्ली व राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शनिवार को हवा की गुणवत्ता का स्तर (एक्यूआई) 248 पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने आगामी सोमवार व मंगलवार को वायु प्रदूषण की स्थिति और बिगड़ने की आशंका व्यक्त की है। अनुमान है कि इन दोनों दिन एक्यूआई बहुत खराब माने जाने वाले स्तर (301 से 400) तक पहुंच सकता है। दिल्ली में पिछले करीब एक हफ्ते से तापमान गिर रहा है। सुबह और शाम के वक्त गुलाबी सर्दी का अहसास होने लगा है। इसके साथ ही वायु प्रदूषण भी बढ़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण निवारण मंडल ने शनिवार शाम 4 बजे तक दिल्ली व एनसीआर में एक्यूआई 248 मापा। इसी बीच, मौसम विभाग व आईआईटीएम ने बदल रही मौसमी परिस्थितयों के अनुरूप आगामी 23 व 24 अक्टूबर को एक्यूआई 'बहुत खराब' स्थिति में पहुंचने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।