30 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

SIR पूरा होने वाले राज्यों में Form 6 को लेकर आया बड़ा अपडेट, जानें क्या है पूरा मामला?

चुनाव आयोग ने SIR पूरा हो चुके राज्यों में ऑनलाइन Form 6 से विशेष घोषणा-पत्र हटा दिया है। यह बदलाव Form 6 में बिना औपचारिक संशोधन के घोषणा जोड़ने पर उठी आपत्तियों के बाद किया गया है।
2 min read
Google source verification

भारत

•

image

Ashib Khan

•

Sep 30, 2026

Election Commission Form 6

SIR पूरा होने वाले राज्यों में Form 6 से हटा विशेष घोषणा-पत्र (Photo-IANS)

ECINET Form 6 Update: वोटर लिस्ट में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) को लेकर चुनाव आयोग ने बड़ा बदलाव किया है। SIR की प्रक्रिया पूरी हो चुके राज्यों में मतदाता पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6 (Form 6) से SIR संबंधी विशेष घोषणा-पत्र हटा दिया गया है। चुनाव आयोग ने यह बदलाव अपने ECINET एप्लिकेशन पोर्टल पर किया।

बता दें कि चुनाव आयोग द्वारा यह कदम 26 सितंबर को लिए गए फैसले के चार दिन बाद उठाया गया है। आयोग ने तब कहा था कि गैर-एसआईआर अवधि में मतदाताओं के पंजीकरण के नियम, 1960 के तहत लागू फॉर्म का ही इस्तेमाल किया जाएगा।

Form 6 में जोड़ा गया था नया घोषणा-पत्र

दरअसल, बिहार में 2025 में SIR शुरू किए जाने के दौरान चुनाव आयोग ने Form 6 के साथ एक अलग घोषणा-पत्र भरने की व्यवस्था की थी। उस समय मूल Form 6 में कोई संशोधन नहीं किया गया था।

हालांकि, 12 जुलाई को सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, ECINET पर ऑनलाइन उपलब्ध Form 6 में सेक्शन- J और K के बीच एक नया घोषणा-पत्र जोड़ दिया गया था। इसमें आवेदक से पूछा गया था कि क्या वह स्वयं, उसके माता-पिता या दादा-दादी पिछले SIR में मतदाता सूची में शामिल थे। यदि ऐसा था, तो उनसे संबंधित बूथ और क्रम संख्या की जानकारी भी मांगी गई थी।

खास बात यह थी कि चुनाव आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकने वाले Form 6 में यह घोषणा-पत्र मौजूद नहीं था, जबकि ECINET पर ऑनलाइन आवेदन के दौरान इसे शामिल किया गया था।

दो चुनाव आयुक्तों ने जताई थी आपत्ति

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने Form 6 में इस अतिरिक्त घोषणा-पत्र को शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई थी। उनका तर्क था कि Form 6 में इस तरह का बदलाव नियमानुसार नहीं किया जा सकता।

बता दें कि जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के तहत मतदाता पंजीकरण, नाम हटाने और मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित निर्धारित फॉर्म में बदलाव करने का अधिकार केंद्र सरकार के पास है। ऐसे में चुनाव आयोग द्वारा बिना औपचारिक संशोधन के Form 6 के ऑनलाइन संस्करण में अतिरिक्त घोषणा जोड़ने पर सवाल उठे थे।

SIR जारी वाले राज्यों में घोषणा अभी भी मौजूद

बुधवार रात ECINET पोर्टल की स्थिति में बदलाव के बाद जिन राज्यों में SIR की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित हो चुकी है, वहां ऑनलाइन Form 6 में यह अतिरिक्त घोषणा दिखाई नहीं दे रही है। हालांकि, जिन राज्यों में SIR की प्रक्रिया अभी जारी है, वहां यह घोषणा अभी भी Form 6 में मौजूद है।