
Jharkhand Election Result: झारखंड में एक बार फिर हेमंत सोरेन (Hemant Soren) की सरकार बनने जा रही है। विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन (india Alliance) ने शानदार जीत दर्ज की है। जेएमएम ने 34, कांग्रेस ने 16, आरजेडी ने 4 और सीपीआई माले ने 2 सीटें जीती हैं। बीजेपी ने 21, आजसू ने 1 और एलजेपी ने 1 सीट जीती है। प्रदेश में दो चरणों में विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Election) हुए थे। पहले चरण के लिए 13 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 20 नवंबर को वोटिंग हुई थी। इस विधानसभा चुनाव में कई दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा।
सीएम हेमंत सोरेन की भाभी और बीजेपी प्रत्याशी सीता सोरेन को जामताड़ा विधानसभा सीट (jamtara assembly election result) पर हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस प्रत्याशी इरफान अंसारी ने उन्हें करारी शिकस्त दी। इरफान अंसारी को जहां 133266 वोट मिले, वहीं सीता सोरेन 89590 वोट पाने में कामयाब रहीं। अंसारी ने 43676 वोटों से जीत दर्ज की है।
विधानसभा चुनाव 2024 में बीजेपी विधायक दल के नेता अमर कुमार बाउरी को भी हार का सामना करना पड़ा। अमर कुमार बाउरी चंदनकियारी विधानसभा सीट (Chandankiyari Assembly Election Result) से चुनाव लड़ रहे थे। झामुमो प्रत्याशी उमाकांत रजक ने अमर कुमार बाउरी को 33733 वोटों से मात दी। जेएमएम के उमाकांत रजक को 90027 मत मिले वहीं बीजेपी प्रत्याशी अमर कुमार बाउरी को 56091 वोट मिले। यहां से अमर कुमार बाउरी तीसरे नंबर पर रहे। दूसरे नंबर पर झारखंड जनक्रांति मोर्चा के अर्जुन राजवर रहे। अर्जुन राजवर को 59294 वोट मिले।
रांची विधानसभा सीट (Ranchi Assembly Election Result) पर बीजेपी के दिग्गज नेता सीपी सिंह और जेएमएम प्रत्याशी महुआ माझी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। बीजेपी के सीपी सिंह ने यहां से जीत दर्ज की है। महुआ माझी को सीपी सिंह ने 21949 वोटों से मात दी। सीपी सिंह 1997 से लगातार इस सीट पर जीत हासिल कर रहे हैं।
लोहरदगा सीट (Lohardaga Assembly Election Result) पर कांग्रेस प्रत्याशी डॉ रामेश्वर उरांव ने जीत दर्ज की है। उन्होनें NDA की सहयोगी पार्टी आजसू की प्रत्याशी नीरू शांति भगत को 34670 वोटों से हराया। रामेश्वर उरांव को 113507 वोट मिले और बीजेपी प्रत्याशी को 78837 वोट मिले।
दुमका विधानसभा सीट (Dumka Assembly Election Result) पर बीजेपी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। दुमका से जेएमएम प्रत्याशी और हेमंत सोरेन के भाई बसंत सोरेन ने जीत दर्ज की है। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी सुनील सोरेन को 14588 वोटों से हराया है।
Updated on:
24 Nov 2024, 3:04 PM IST
Published on:
24 Nov 2024, 3:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.