PM-KISAN 11th installment: मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पीएम किसान सम्मान निधि स्कीम की 11वीं किस्त का आज इंतजार खत्म होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज इस योजना की 11वीं किस्त किसानों के खाते में ट्रांसफर करेंगे। इसके तहत 21,000 करोड़ रुपए की राशि जारी की जाएगी। इससे 10 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। यह इस वित्तीय वर्ष की पहली किस्त है, जिसका किसानों को बेसब्री से इंतजार है। पीएम किसान सम्मान निधि के तह केंद्र सरकार द्वारा प्रति वर्ष 6000 रुपए यानी 2000-2000 की तीन किस्तों में किसानों के खाते में डायरेक्ट ट्रांसफर की जाती है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने एक जनवरी को 20,000 करोड़ रुपये से अधिक राशि की 10वीं किस्त के रूप में जारी किए थे।