नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पॉश इलाकों में से एक होज खास के पंचशील पार्क में एयर होस्टेस अनेसिया बत्रा के रहस्यपूर्ण तरीके से हुई मौत मामले में एक नया मोड़ आ गया है। अब इस रहस्यपूर्ण मौत मामले की जांच हौजखास पुलिस से लेकर दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दी गई है। इससे पहले हौजखास थाना पुलिस पर जांच को लेकर कुछ आरोप लगे थे। बता दें कि इस मामले को लेकर अब तक पुलिस ने करीब 15 लोगों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस को अभी तक जांच से पता चला है कि मौत की वजह पति-पत्नी के बीच झगड़ा है। पुलिस की शुरूआती जांच में एक चौंकाने वाली बात भी सामने आई है। गवाहों से मिली जानकारी से पता चला है कि मयंक अनेसिया के परिवार वालों से दहेज मांगता था। बता दें कि इस मामले को लेकर दक्षिण जिला डीसीपी रोमिल बानिया ने बताया कि अब इस मामले को लेकर आगे की जांच अपराध शाखा से कराने के लिए पुलिस मुख्यालय को पत्र लिखा था। पुलिस मुख्यालय ने पत्र को स्वीकार करते हुए 31 जुलाई को जांच को अपराध शाखा को सौंपने के आदेश कर दिए।