
Delhi Mahila Adalat: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में सियासत गरमा चुकी है। आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पूरी शिद्दत के साथ दिल्ली के लोगों का दिल जीतने में जुटे हैं। इसी के चलते 16 दिसंबर 2012 को दिल्ली में हुए निर्भया कांड की बरसी पर सोमवार को दिल्ली में आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने महिला अदालत का आयोजन किया। अदालत में अरविंद केजरीवाल, दिल्ली की सीएम आतिशी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल हुए। महिला अदालत में दिनोंदिन बढ़ रहे महिला अपराध पर चर्चा की गई। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में आपराधिक मामले बढ़ रहे हैं और कानून व्यवस्था फीकी पड़ रही है। इसी के चलते इस अदालत को लोगों के बीच लाया गया है।
दिल्ली में आयोजित महिला अदालत में कई महिलाओं ने खुलकर अपनी परेशानियां बताईं। इस दौरान दिल्ली की सीएम आतिशी ने कहा "आज ही के दिन दिल्ली में एक बेटी के साथ चलती बस में दरिंदगी हुई थी। इस घटना के आज 12 साल बीत जाने के बाद भी देश की राजधानी में महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं है। आज महिलाओं के खिलाफ दिल्ली में 40 प्रतिशत अपराध बढ़ गया है। पिछले पांच साल के बीच दिल्ली में साढ़े तीन हजार महिलाओं के साथ दुष्कर्म की वारदातें हुई हैं। दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी केंद्र की भाजपा सरकार के पास है। बीजेपी महिलाओं की सुरक्षा के लिए कुछ भी नहीं कर रही है।"
महिला अदालत के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अरविंद केजरीवाल का समर्थन किया। अखिलेश यादव ने कहा "दिल्ली में जब इतनी घटनाएं हो रही हैं तो सोचिए पूरे देश का क्या हाल होगा। इस मामले में गृह मंत्रालय कुछ भी काम नहीं कर रहा है।" अखिलेश यादव ने आगे कहा "दिल्ली में हालात ऐसे हैं। फिर भी अरविंद केजरीवाल का हौसला कम नहीं हुआ है। दिल्ली में पता नहीं कौन गृह विभाग का काम करने में लगा हुआ है। आप सरकार ने हर स्तर में काफी काम किया है। यदि सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उन्हें दी जाए तो काफी कुछ बदल जाएगा। आप सरकार ने जो 2100 रुपये महिलाओं को देने का फैसला किया है वो काफी तारीफ के काबिल है।"
महिला अदालत से पहले अरविंद केजरीवाल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'X' पर एक पोस्ट लिखा। इसमें उन्होंने कहा "दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ क्राइम में बढ़ोतरी गंभीर चिंता का विषय है। इस पर आवाज उठाने का समय आ गया है। इस मसले पर पूरी दिल्ली को एकजुट होना होगा। कुछ देर बाद त्यागराज स्टेडियम में आयोजित महिला अदालत में हिस्सा लेकर सभी महिलाओं के साथ ही इस मुद्दे पर चर्चा करूंगा।" इसके बाद अखिलेश यादव के लिए एक दूसरा पोस्ट किया। इसमें अरविंद केजरीवाल ने लिखा "दिल्ली की माताओं-बहनों की ओर से मैं सपा प्रमुख @yadavakhilesh जी का धन्यवाद करता हूं जो उन्होंने आज ‘महिला अदालत’ में शामिल होकर महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की इस नई पहल को अपना समर्थन दिया।"
संबंधित विषय:
Updated on:
16 Dec 2024 04:51 pm
Published on:
16 Dec 2024 04:51 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
