आपको बता दें कि इससे पहले मृतक अनेसिया के परिवारवालों ने बुधवार की रात पुलिस को कई जानकारियां बताई थीं। परिवारवालों ने बताया था कि मयंक अनेसिया को शादी के बाद से ही प्रताड़ित करता था। इसके अलावे अनेसिया की एक सहेली ने भी चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया था कि मरने से पहले उन्हें कई मैसेज किए थे, जिसमें उन्होंने अपने पति के बारे में आशंका जाहिर की थी। इसके अलावे जिस बिल्डिंग में अनेसिया और मयंक रहते थे वहां के गार्ड ने भी बताया था कि जिस रात अनेसिया की मौत हुई उस दिन काफी बारिश हो रही थी। बारिश के दौरान ही अनेसिया दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई। जिसके बाद वह वहां पर पहुंचा और उनके पति मयंक को बुलाया। फौरन अनेसिया को अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बता दें कि इस मामले को लेकर अभी भी पुलिस इस सवाल का जवाब तलाश रही है कि अनेसिया के कथित रूप से छत से कूदने के बाद आरोपी पति ने पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी। परिवार वालों का आरोप है कि अनेसिया ने मयंक को पंचशील पार्क स्थित घर की छत से कूदने से 18 मिनट पहले वॉट्सऐप मेसेज करके सूइसाइड करने के इरादे जाहिर कर दिए थे तो फिर मयंक ने उन्हें बचाने की कोशिश क्यों नहीं की?