29 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Chhattisgarh Budget 2027-28: 1 अक्टूबर को खुलेगा बजट मॉड्यूल, विभागों से मांगी जाएगी जानकारी

छत्तीसगढ़ में वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट की तैयारी शुरू हो गई है। 1 अक्टूबर से प्रक्रिया शुरू होगी और मार्च 2027 तक विभागीय प्रस्तावों, राजस्व अनुमान व नई योजनाओं पर चर्चा के बाद बजट को अंतिम रूप दिया जाएगा।
2 min read
Google source verification
Chhattisgarh Budget 2027-28

Chhattisgarh Budget 2027-28: 1 अक्टूबर को खुलेगा बजट मॉड्यूल(photo-patrika group)

Chhattisgarh Budget 2027-28: छत्तीसगढ़ में वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्य सरकार ने विभागों से बजट प्रस्ताव मंगाने और उन पर चर्चा के लिए समय-सारिणी जारी कर दी है। इसके तहत 1 अक्टूबर से विभागीय स्तर पर बजट की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होगी। राजस्व प्राप्तियों और वसूली के अनुमान पर चर्चा के बाद विभागीय प्रस्तावों की समीक्षा सचिव और मंत्री स्तर पर की जाएगी। नई योजनाओं और खर्च के प्रस्तावों की भी जांच होगी। विभागों को निर्धारित समय-सीमा में प्रस्ताव भेजने होंगे। बजट को अंतिम रूप देने की पूरी प्रक्रिया मार्च 2027 तक चलेगी।

Chhattisgarh Budget Preparation: 1 अक्टूबर से शुरू होगी बजट प्रक्रिया

वित्त विभाग के कार्यक्रम के अनुसार 1 अक्टूबर को बजट नियंत्रक अधिकारियों को ऑनलाइन बजट मॉड्यूल की लिंक और हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें बजट और राजस्व प्राप्तियों की अलग-अलग प्रविष्टियां की जाएंगी।

इसके बाद विभागों को 15 अक्टूबर तक 31 मार्च 2026 की स्थिति में उपलब्ध वाहनों, दूरभाष और कंप्यूटरों की सूची के साथ स्वीकृत पद संरचना और परिसंपत्तियों की जानकारी वित्त विभाग को ऑनलाइन या हार्ड कॉपी में उपलब्ध करानी होगी।

19 अक्टूबर तक भेजने होंगे राजस्व प्रस्ताव

वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए राजस्व प्राप्तियों और वसूली के बजट अनुमान से जुड़े प्रस्ताव 19 अक्टूबर तक वित्त विभाग को भेजने होंगे। इसमें कुल राजस्व प्राप्तियों का विवरण अलग से देना होगा। इसके बाद 26 से 30 अक्टूबर तक सचिव स्तर पर राजस्व प्राप्तियों को लेकर चर्चा होगी। इसमें संबंधित विभागों के सचिव और विभागाध्यक्ष शामिल होंगे।

20 नवंबर तक विभागीय बजट प्रस्ताव

विभागों को अपने बजट प्रस्ताव वित्त विभाग में भेजने की अंतिम तारीख 20 नवंबर 2026 तय की गई है। इसके बाद 1 से 17 दिसंबर तक सचिव और विभागाध्यक्ष स्तर पर संयुक्त बजट चर्चा होगी। इस दौरान वित्त सचिव की ओर से मांगी गई जानकारी और विभागाध्यक्षों के प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। हालांकि प्रस्तावों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया मंत्री स्तर की चर्चा के बाद पूरी होगी।

नई योजनाओं और खर्च की होगी जांच

बजट कार्यक्रम में नई मदों और प्रस्तावित खर्च की जांच पर विशेष जोर दिया गया है। वित्त विभाग के निर्देश के अनुसार 2027-28 के बजट में परीक्षित मदों के प्रस्तावों को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं अपरिक्षित नई मदों से जुड़े प्रस्तावों पर केवल मंत्री स्तर की चर्चा के दौरान विचार किया जाएगा। विभागों को जारी समय-सारिणी का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

जनवरी में मंत्रियों के साथ होगी बजट चर्चा

बजट को अंतिम रूप देने से पहले 4 से 18 जनवरी 2027 तक मंत्री स्तर पर चर्चा होगी। इस दौरान वित्त मंत्री अन्य विभागों के मंत्रियों के साथ बजट प्रस्तावों पर चर्चा करेंगे। मुख्य और नई मदों पर विचार के बाद प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया जाएगा। वित्त मंत्री के बजट भाषण के लिए सामग्री, परिमाण और अंडर बजट 2027-28 उपलब्ध कराने की अंतिम तारीख 4 जनवरी 2027 तय की गई है।

मार्च 2027 तक पूरी होगी प्रक्रिया

इसके बाद 4 फरवरी 2027 तक वित्त विभाग को बकाया गारंटियों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध करानी होगी। वहीं 31 मार्च 2027 तक प्रशासनिक विभागों को पुनर्विनियोजन और समर्पण के आदेश जारी करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इस तरह छत्तीसगढ़ के आगामी बजट की तैयारी अक्टूबर 2026 से शुरू होकर वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन यानी 31 मार्च 2027 तक चलने वाली निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूरी की जाएगी।