गुरुवार की रात आए तेज चक्रवाती तूफान और ओलावृष्टि ने अली वरदीपुर गांव में भारी तबाही मचाई है। यहां करीब दो दर्जन मकान ताश के पत्तों की तरह धराशायी हो गए। दरअसल, हिंडन डूब क्षेत्र में ये मकान मिट्टी और गारे से छत पर टीन और पटिया डालकर बनाया गया था, जो तूफान और ओलावृष्टि की मार को सहन नहीं कर पाए और भर-भराकर गिर पड़े। इन मकानों के मलबे में दबकर करीब एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। कुछ मवेशियों को भी चोट आई हैं। 8 लोगों को ग्रेटर नोएडा के निम्स और 6 लोगों को नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है। इस तबाही में करीब दो दर्जन गरीब परिवार बेघर हो गए हैं।