जिला शुल्क नियामक समिति की शनिवार को हुई बैठक में स्कूलों को भेजे गए नोटिस और उनसे मिले जवाब की समीक्षा की गई। इस बैठक में फैसला लिया गया कि जिन स्कूलों ने नोटिस का जवाब नहीं दिया है उनके खिलाफ अब सख्ती बरती जाएगी। समिति ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 17 स्कूलों पर जुर्माना लगाया है। प्रशासन ने विद्यार्थियों से अत्यधिक फीस वसूलने को लेकर 17 प्राइवेट स्कूलों पर 8.30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। डीएम बीएन सिंह ने कहा कि एक लाख रुपये का सबसे अधिक जुर्माना नोएडा के जागरण पब्लिक स्कूल पर लगाया गया है। जबकि आठ स्कूलों पर, प्रत्येक पर 75,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इनमें सीएलएम पब्लिक स्कूल, गगन पब्लिक स्कूल, ग्रेटर हाइट्स पब्लिक स्कूल, धर्म पब्लिक स्कूल ये चारों स्कूल ग्रेटर नोएडा में हैं। ग्रैड्स इंटरनेशनल स्कूल, श्री रवि शंकर विद्या मंदिर, कार्ल हूबर ये तीनों स्कूल नोएडा के हैं। इसके साथ ही भंगेल के एसडी पब्लिक स्कूल पर भी जुर्माना लगाया गया है।