
नोएडा. शहर में एक अजब-गजब मामला सामने आया है। परिवार ने 24 अप्रैल को शव मिलने के बाद जिस महिला का अंतिम संस्कार कर दिया था, बुधवार को वह जिंदा घर लौटी तो सभी के होश उड़ गए। दरअसल, महिला प्रेमी के साथ एटा चली गई थी, जिसके बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद 24 अप्रैल को सोरखा में बोरे में बंद एक महिला का शव मिला, जिसकी शिनाख्त करते हुए परिजन ने अंतिम संस्कार कर दिया था, लेकिन अब महिला के लौटने के बाद बंद बोरे में मिले महिला के शव की गुत्थी उलझकर रह गई है। पुलिस अब इस हत्या के केस की जांच नए सिरे से करेगी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रेमी के साथ एटा में रही 25 वर्षीय महिला शादीशुदा है और अपने मां-बाप के साथ नया गांव में रहती है। उसकी शादी शाहजहांपुर निवासी युवक से सात वर्ष पहले हुई है। पिछले तीन साल से पति से विवाद के कारण व बच्चों के साथ नया गांव में रह रही है। लेकिन, करीब एक माह पहले वह अचानक घर से लापता हो गई थी। जब परिजनों ने तलाश की तो उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद महिला के पिता ने 7 अप्रैल को फेज टू थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी बीच कोतवाली सेक्टर-49 एरिया में एफएनजी रोड सोरखा के पास 24 अप्रैल को बोरे में एक महिला का शव मिला, जो कि काफी पुराना था और गले में एक मंगलसूत्र भी था। महिला का शव मिलने की सूचना मिलने के बाद महिला के पिता ने पुलिस से संपर्क किया और बोरे में मिले महिला के शव और बरामद मंगलसूत्र देखकर उसकी शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की। शिनाख्त करने के बाद पुलिस ने शव को उनके सुपुर्द कर दिया और उन्होंने उसे अपनी बेटी का शव समझ उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इसके बाद परिजन ने फेज टू कोतवाली पहुंच तहरीर देकर बेटी के पति पर हत्या का शक जाहिर किया।
बता दें कि महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने करीब आधा दर्जन संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। दरअसल, पुलिस को शक था कि आसपास के लोगों ने ही घटना को अंजाम दिया होगा। पुलिस का शक उस समय और गहरा गया जब महिला के लापता होने के बाद से उसकी दुकान के आसपास रहने वाले एटा और मैनपुरी के दो युवक भी लापता हो गए। पुलिस ने पहले मैनपुरी निवासी युवक को ढूंढकर पकड़ा, लेकिन उससे कुछ जानकारी नहीं मिली। इसके बाद एटा निवासी युवक को एटा से पकड़ कर नोएडा लाई और पूछताछ शुरू की। एसओ फेज टू सत्येन्द्र राय के अनुसार पूछताछ में पता लगा कि नया गांव में रहने वाली महिला का एटा निवासी युवक प्रेमी है। महिला उसके साथ ही एटा में रह रही है। जब तक उस युवक को लेकर पुलिस एटा पहुंचती तब तक युवती नोएडा आ गई, लेकिन अपने माता-पिता के घर नहीं गई। इस बीच नया गांव से ही मुखबिर ने महिला के सुरक्षित होने और वहां दिखने की जानकारी पुलिस को दे दी। इसके बाद सूचना के आधार पर पुलिस ने महिला को भंगेल से बरामद कर लिया है। अब महिला के सकुशल मिलने के बाद पुलिस की मुश्किल और बढ़ गई है। क्योंकि जिस महिला के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। आखिर वह कौन थी। इससे पुलिस भी सवालों के घेरे में आ गई है।
Published on:
4 May 2018, 9:44 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.