भारत की मौजूदा विश्व चैंपियन मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने आज बुधवार को 19वें एशियाई खेलों में महिलाओं के 75 किग्रा बॉक्सिंग फाइनल में रजत पदक जीता। फाइनल में लवलीना को चीन की ली से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन हारकर भी लवलीना ने जो बयान दिया है, वह दिल जीतने वाला है। दरअसल, लवलीना ने क्वार्टर फाइनल में कोरिया की सुयेन सियोंग और सेमीफाइनल में थाईलैंड की मानेकोन बाइसन को हराकर पहले ही ओलंपिक कोटा हासिल कर लिया था। लवलीना का रजत हांगझोऊ में भारत का 5वां मुक्केबाजी पदक है। इससे पहले, निखत ज़रीन, प्रीति पवार, नरेंद्र बेरवाल और परवीन हुडा ने अपने-अपने भार वर्ग में कांस्य पदक जीत चुके हैं।