28 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पीएम मोदीः विवादित बयान देकर बीजेपी नेता मीडिया को मसाला न दें

प्रधानमंत्री ने रविवार को 'नरेंद्र मोदी ऐप' के माध्यम से बीजेपी सांसदों और विधायकों को आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने को कहा।

2 min read
Google source verification
modi

नई दिल्लीः हाल के ही दिनों में बीजेपी नेताओं के बढ़ते विवादित बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाराजगी जताई है। रविवार को 'नरेंद्र मोदी ऐप' के माध्यम से पार्टी सांसदों और विधायकों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि बीजेपी नेता विवादित बयान देने से बचें। प्रधानमंत्री ने पार्टी नेताओं को सलाह देते हुए कहा कि मीडिया के सामने बयान देते समय पार्टी नेता संयम बरतें और सोच समझकर ही बोलें। बता दें कि बीते कुछ दिनों में बीजेपी के कई नेता विवादित बयान देने की वजह से सुर्खियों में रहे हैं। रविवार को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने भी रेप की घटनाओं पर विवादित बयान देकर विपक्ष को बीजेपी के खिलाफ बोलने का मौका दे दिया।

जनता से जुड़ने की अपील
प्रधानमंत्री ने 'नरेंद्र मोदी ऐप' के माध्यम से बीजेपी सांसदों और विधायकों से कहा कि वे जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाएं। मोदी ने कहा कि "लोगों के साथ आपका सीधा संबंध एक सकारात्मक बदलाव लाया है, जो यह सुनिश्चित करता है कि योजनाएं जमीनी स्तर तक पहुंची हैं और साथ ही लोगों की चिंताएं भी सांसदों तक पहुंची हैं। भाजपा नेताओं को लोगों के कल्याण के लिए समाज में किए जा रहे प्रत्येक कार्य में शामिल होना चाहिए।" गांवों में लोगों की जिंदगियों को बेहतर बनाने के सवाल पर प्रधानमंत्री ने गांवों में रहने वालों की सामूहिक शक्ति पर जोर दिया।

केंद्र की योजनाओं की तारीफ
केंद्र सरकार की योजनाओं की तारीफ करते हुए मुद्रा योजना के बारे में पीएम मोदी ने कहा कि 11 करोड़ लोग पहले ही योजना का लाभ उठा चुके हैं। उन्होंने कहा, "स्वयं सहायता समूह में महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसरों के साथ आ रही हैं।" 'ग्राम स्वराज अभियान' के लिए बीजेपी कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए प्रधानमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुद्रा योजना, उज्जवला योजना और बीमा योजनाओं के फायदों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का आग्रह किया। 'ग्राम स्वराज अभियान' 14 अप्रैल से पांच मई तक चलेगा। उन्होंने पार्टी नेताओं से नियमित ग्रामसभा, सोशल मीडिया पहुंच को बेहतर बनाने, भीम एप के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करने और कैशलैस लेनदेन के आंदोलन को आगे ले जाने का आग्रह किया।