नई दिल्ली: मोदी कैबिनेट ने आज लंबित पड़े कई बड़े प्रोजेक्टों को हरी झंडी दी है। इसमें मेट्रो, हॉस्टिपल इंफ्रास्ट्रक्चर, लघु सिंचाई के अलावा डिफेंस सेक्टर में नेटवर्क समेत कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में देवघर में नया अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) खोलने की मंजूरी दे दी गई है। इस परियोजना के लिए 1103 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। इस एम्स में हॉस्पिटल के अलावा कॉलेज की भी सुविधा होगी। 2022 तक यानी 45 महीनों में यह एम्स बनकर तैयार हो जाएगा। झारखंड सरकार ने अस्पताल के लिए 237 एकड़ जमीन पहले ही आवंटित कर दी है। सूचना एवं प्रोद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में रुके प्रोजेक्टों को हरी झंडी दी गई है। इसमें देवघर में एम्स खोलना नोएडा में मेट्रो कॉरिडोर का विस्तार करना समेत कई अन्य प्रोजेक्ट शामिल है।