
सत्येंद्र जैन के घर सीबीआई के छापे पर केजरीवाल ने मोदी से पूछा सवाल: चाहते क्या हैं पीएम?
नई दिल्ली । दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन मुश्किल में नजर आ रहे हैं। बुधवार को उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने राजधानी में उनके आवास पर सुबह छापेमारी की है। इस बाबत सत्येंद्र जैन ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि, "पीडब्ल्यूडी विभाग में क्रिएटिव लोगों को नियुक्त करने के लिए सीबीआई ने मेरे घर पर रेड की है"।
CM केजरीवाल ने पूछा आखिर पीएम चाहते क्या हैं?
सत्येंद्र जैन के ट्वीट के बाद आम आदमी पार्टी के समर्थक, दिल्ली सरकार के दूसरे मंत्री और खुद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी मोर्चा संभाला। रेड की जानकारी देते हुए सभी ने जमकर मोदी सरकार पर निशाना भी साधा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने फौरन सत्येंद्र जैन के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए पीएम मोदी पर हमला बोला। सीएम केजरीवाल ने लिखा कि पीएम मोदी क्या चाहते हैं?
वहीं उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने अपने ट्वीट में लिखा, “सत्येंद्र जैन के घर सुबह-सुबह सीबीआई की रेड चल रही है. आरोप है कि उन्होंने स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक आदि के डिजाइन के लिए 'क्रिएटिव डिजायनर टीम' की सेवाएं लीं.'। सिसोदिया ने अपने ट्वीट में ये भी दावा किया कि पूर्व एलजी नजीब जंग ने जाते-जाते CBI को ये मामला सौंपा था। उन्होॆने आगे लिखा, “ पूर्व एलजी नजीब जंग ने जाते जाते CBI को ये मामला सौंपा था। जंग की एक अन्य शिकायत को दो दिन पहले सीबीआई क्लोज़ कर चुकी है"।
उधर आप विधायक अलाका लांबा ने भी प्रधानमंत्री मोदी को घेरा। अलका लांबा ने लिखा, “ साहेब, आप के आदेश अनुसार आपकी #CBI ने केजरीवाल के उसी मंत्री के घर छापा मार दिया है जिस मंत्री ने अभी हाल ही में निजी हस्पतालों की तानाशाही के खिलाफ़ क़ानून लाने का फ़ैसला लिया था,फिर भी यह मंत्री आपके दबाव में आकर फ़ैसला वापिस नही लेने वाला। आप अपनी विदेश यात्रा का आनंद लें ।
Published on:
30 May 2018 10:16 am
