लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (Lok Sabha Speaker Om Birla) ने जानकारी देते हुए बताया कि मानसून सत्र के दौरान संसद की कार्यवाही का निर्बाध संचालन हमारी प्राथमिकता में शामिल है। इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम और व्यवस्था की गई हैं। यही नहीं मानसून सत्र को लेकर किए गए इंतजामों को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ने गुरुवार को दोनों सदनों के महासचिवों और सीपीडब्ल्यूडी और एनडीएमसी के अफसरों की बैठक भी बुलाई। इसके साथ ही ओम बिरलाने कोरोना वायरस को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, डीआरडीओ और अन्य एजेंसियों के साथ बैठक कर सत्र की तैयारियों का जायजा लिया। इस बैठक में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया, भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के महानिदेशक बलराम भार्गव, स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।