
रायगढ़. नाईट ड्यूटी करके घर जा रहे सिक्युरिटी गार्ड को एक ट्रैक्टर के चालक ने ठोकर मार दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना कोतरारोड थाना क्षेत्र की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नंदेली निवासी कुशल उर्फ मुनेश्वर लाल पटेल 39 वर्ष कोतरारोड स्थित एक हार्डवेयर की दुकान में सिक्युरिटी गार्ड का काम करता था। ऐसे में वह हर रोज साइकिल से काम करने के लिए आना-जाना करता था।
11 जनवरी की रात्रि भी वह ड्यूटी पर आया था, वहीं सुबह 6 बजे वापस साइकिल से अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह कोतरा बाजार चौक के पास पहुंचा तो बाएं तरफ से आ रहे अज्ञात ट्रैक्टर के चालक ने उसे ठोकर मार दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम करते हुए अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ धारा 304ए के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है।
अज्ञात व्यक्ति ने दी सूचना
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद मृतक के जेब से मोबाइल निकाल कर अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर में फोन किया और परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी। इसके बाद वापस मोबाइल को मृतक के शव के पास रखकर वहां से चला गया।
Published on:
12 Jan 2018 08:40 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
