दरअसल, ज्यादातर जेनरिक दवाइयों पर वास्तविक मूल्य से 80 से 100 गुना अधिक एमआरपी प्रिंट होता है। उदाहरण के तौर पर मान लीजिए कि किसी दवाई का वास्तविक मूल्य 5 रुपए है। लेकिन, दवा के रैपर पर उसकी कीमत 400 रुपए लिखी होगी। फिर लोगों को 60 प्रतिशत छूट की बात कहते हुए 160 रुपए में दवाई दे दी जाती है। जबकि, उस दवा का वास्तविक मूल्य 5 रुपए ही है। पत्रिका की पड़ताल में पता चला कि मेडिकल स्टोर के संचालक जानबूझकर अधिक एमआरपी वाली दवाइयां रख रहे हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा मुनाफा कमा सकें। छूट वाली लूट के इस कारोबार में मेडिकल स्टोर संचालक जमकर चांदी काट रहे हैं।