27 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Asian Games 2026: छत्तीसगढ़ की संजू देवी ने बढ़ाया देश का मान, सीएम साय ने फोन कर दी बधाई

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी को सीएम विष्णु देव साय ने फोन कर बधाई दी।
2 min read
Google source verification
Asian Games 2026

छत्तीसगढ़ की संजू देवी ने बढ़ाया देश का मान मुख्यमंत्री ने दी बधाई (Photo Patrika)

Asian Games gold medal: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य एवं छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की निवासी सुश्री संजू देवी को फोन कर इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सुश्री संजू देवी से आत्मीय संवाद करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि उनकी इस उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा

मुख्यमंत्री साय ने सुश्री संजू देवी से कहा कि आपने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और शानदार प्रदर्शन से न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व का क्षण है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में छत्तीसगढ़ की बेटी की महत्वपूर्ण भागीदारी प्रदेश के लिए विशेष गौरव की बात है।

सीएम साय बोले- संजू की सफलता बेटियों के लिए प्रेरणा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज शिक्षा, खेल समेत अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। संजू देवी ने कठिन मेहनत और निरंतर अभ्यास के जरिए राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह बनाई और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि संजू देवी की यह उपलब्धि प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। खासकर वे बेटियां जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने का सपना देख रही हैं, उनके लिए संजू की सफलता एक उदाहरण है।

गांव और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को मंच देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में मौजूद प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच मिले। उन्होंने कहा कि इन प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलना जरूरी है। इसके लिए खिलाड़ियों को आवश्यक प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सरकार का जोर है।

भारतीय महिला कबड्डी टीम को भी दी बधाई

मुख्यमंत्री साय ने भारतीय महिला कबड्डी टीम की सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपने प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।