
हाई कोलेस्ट्रॉल (फोटो सोर्स- iStock)
रायपुर@पीलूराम साहू। Chhattisgarh News: प्रदेश का हर तीसरा युवा हाई कोलेस्ट्राल की चपेट में है। यही नहीं युवाओं के साथ किशाेरों में भी गुड कोलेस्ट्राल की कमी है। नॉन कंम्यूनिकेबेल डिसीज (एनसीडी) पोर्टल के अनुसार प्रदेश में 75 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इसमें 18 लाख से ज्यादा लोग हाई बीपी, डायबिटीज व लिपिड प्रोफाइल की गड़बड़ी वाले मिले हैं। यह स्क्रीनिंंग अप्रैल से अक्टूबर 2025 तक हुई। अक्टूबर में कोलेस्ट्राल मंथ चल रहा है। इस मौके पर पत्रिका ने कार्डियोलॉजिस्ट व विभिन्न आंकड़ोें की पड़ताल की तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
एक अन्य आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में 10 से 19 साल के 46.6 प्रतिशत किशोरों में गुड कोलेस्ट्रॉल एचडीएल खतरनाक स्तर तक कम है और 5 से 9 साल के 25.3 प्रतिशत बच्चों में ट्राइग्लिसराइड हाई है। डॉक्टरों का कहना है कि लक्षण न दिखने से ही यह साइलेंट किलर बन रहा है और सीधे हार्ट अटैक का कारण बन रहा है। पिछले साल स्वास्थ्य विभाग ने भी 38.6 लाख की डायबिटीज जांच की थी, जिनमें 6.88 लाख मरीज मिले थे। यही नहीं 37.7 लाख की बीपी जांच में 11.82 लाख हाइपरटेंशन के केस मिले हैं। यानी जांच कराने वाले हर 5 में से 1 व्यक्ति को लाइफस्टाइल बीमारी है, जिसका सीधा कनेक्शन कोलेस्ट्रॉल से है।
लाइफ स्टाइल से जुड़ी बीमारियों में आदिवासी भी अब अछूता नहीं रहा। आदिवासियों में प्री-हाइपरटेंशन दर 42.7 प्रतिशत और हाइपरटेंशन 26 प्रतिशत है, जो सामान्य आबादी के बराबर है। पहले माना जाता था कि आदिवासी प्रकृति के करीब रहते हैं इसलिए उन्हें लाइफ स्टाइल से जुड़ी बीमारी नहीं होती, लेकिन ऐसा नहीं है। अब शहरी खानपान गांव तक पहुंच गया है।
कोलेस्ट्राल बढ़ाने में मोटापा भी एक बड़ा कारण है। नेशनल फेमिली हैल्थ सर्वे-5 में दुर्ग में बीएमआई 25 से अधिक वाले वयस्क 18.6 प्रतिशत से बढ़कर 23.9 प्रतिशत हो गए, जो प्रदेश में सबसे अधिक है। बिलासपुर में यह 10 से बढ़कर 17.1 और रायपुर में 15.7 प्रतिशत है। रायपुर-बिलासपुर-दुर्ग का शहरी कॉरिडोर हॉट स्पॉट बन रहा है।
डॉ. कृष्णकांत साहू, प्रोफेसर व एचओडी कार्डियक सर्जरी, पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के मुताबिक, इसमें कोई संदेह नहीं कि लाइफ स्टाइल व जंक फूड से किशोरों व युवाओं में बैड कोलेस्ट्राल बढ़ रहा है। ये अच्छा संकेत नहीं है। मोबाइल फोन में ज्यादा समय बिताना मोटापा का कारण बन रहा है। शराब व स्मोकिंग भी इसके सबसे बड़े दुश्मन है। रोज एक घंटे वॉक व योग करने से बैड कोलेस्ट्राल घटेंगे। ये डायबिटीज को भी काफी हद तक कंट्रोल करेगा।
Updated on:
05 Oct 2026 08:18 am
Published on:
05 Oct 2026 08:18 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
