
Raipur Road Accident: रायपुर के भगत सिंह चौक पर मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसे में 48 वर्षीय आंगनबाड़ी सहायिका रत्ना दास की मौत हो गई। चौक पर तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे अनियंत्रित रिक्शा पैदल सड़क पार कर रही रत्ना दास पर पलट गया। हादसे के बाद महिला कार चालक मौके से फरार हो गई।
सिविल लाइन थाना प्रभारी रोहित मालेकर ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ। राहगीरों ने उन्हें गंभीर हालत में आंबेडकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रत्ना दास मरीन ड्राइव बीएसयूपी कॉलोनी की निवासी थीं और रोज की तरह अपनी ड्यूटी के बाद सिलाई का काम करने शंकर नगर जा रही थीं। पति से तलाक के बाद रत्ना अपने 18 वर्षीय बेटे के साथ रहती थीं और घर के खर्चे चलाने के लिए सिलाई का काम करती थीं।
दमयंती सोनी ने अपनी बहन रत्ना दास की मौत पर एफआईआर दर्ज कराई। सिविल लाइन थाना में धारा 281,125(ए), 106(1), 3(5) बी.एन.एस. पंजीबद्ध कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि कार सवार महिला ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी। राहगीरों ने उसे दौड़ाकर पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह कार लेकर भाग गई। पुलिस ने कार का नंबर (सीजी 04 एमई 2063) दर्ज किया है। आरोपी की तलाश जारी है।
सीसीटीवी में ऑटो चालक सिग्नल तोड़कर जाता दिख रहा है। वहीं, तेज रफ्तार कार ने ई रिक्शा को ठोकर मारी, जिसके कारण पैदल महिला की मौत हो गई है। - लखन पटले, एएसपी, सिटी
Updated on:
15 Jan 2025 11:57 am
Published on:
15 Jan 2025 11:57 am
