
Monsoon 2024: दक्षिण पश्चिम मानसून गुरुवार को बस्तर से चलकर गरियाबंद व दुर्ग तक पहुंच गया है। दिनभर तेज उमस भरी गर्मी के बाद दुर्ग, गरियाबंद व रायपुर में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने रायपुर में अभी मानसून की घोषणा नहीं की है। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के मुताबिक शुक्रवार तक मानसून रायपुर-बिलासपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ में आ सकता है।
बता दें कि पड़ोसी जिले दुर्ग और गरियाबंद में मानसून की आमद के बाद शाम को तेज बारिश हुई। दक्षिण पश्चिम मानसून को आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है। सबसे अधिक तापमान 37.9 डिग्री बलरामपुर में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री नारायणपुर में दर्ज किया गया। अगले 3 से 4 दिनों में मानसून के और अधिक क्षेत्रों में सक्रिय होने की संभावना है। प्रदेश में अगले 5 दिनों तक वर्षा की स्थिति ऐसी ही बने रहने की संभावना है।
अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने सकते हैं। कुछ जगहों पर भारी वर्षा होने वज्रपात होने तथा अंधड़ चलने की भी संभावना है। प्रदेश के दक्षिणी जिलों में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, किंतु शेष भाग में अधिकतम तापमान में गिरावट होने की संभावना बनी हुई है। शुक्रवार को राजधानी में गरज चमक के साथ अंधड़ चलने व वर्षा हो सकती है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 डिग्री और 27 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
रायपुर 40, दुर्ग 30, दोरनापाल 60, भानपुरी, सुकमा, पटना 50, कुटरू, जगरगुंडा 40,बीजापुर, गंगालूर, लाल बहादुर नगर, गोबरा नवापारा, दरभा 30, बस्तर, ओरछा, कोंटा, नवागढ़, गुंडरदेही, सिमगा, गादीरास, खैरागढ़ कोंडागांव 20 मिमी वर्षा हुई।
Updated on:
22 Jun 2024, 7:11 AM IST
Published on:
21 Jun 2024, 2:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.