
रायपुर के बाजार में बढ़ी चहल-पहल (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Festive Market: त्योहारी भीड़ की आहट बाजारों में अभी से साफ सुनाई देने लगी है। नवरात्र शुरू होने में तीन दिन बाकी हैं, लेकिन बाजारों में त्योहारी रंग चढ़ने लगा है। लोग अभी से रंग-रोगन, पूजा-पाठ और घर की सजावट का सामान खरीदने लगे हैं। कारोबारियों का कहना है कि अभी लोग जरूरत का सामान खरीद रहे हैं। लेकिन, तीन दिन बाद नवरात्र के शुरू होते ही बाजार में थोक के हिसाब से भीड़ उमड़ पड़ेगी। पिछले दो दिनों से बाजार की मुख्य सड़कों पर भीड़ 30 फीसदी तक बढ़ गई है। शाम होते ही गोलबाजार, सदर बाजार, मालवीय रोड और पंडरी में दोपहिया और चार पहिया वाहनों की लंबी लाइन लग रही है।
त्योहार के शुरू होने से पहले हर घर की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई होती है। इसलिए सबसे ज्यादा बिक्री अभी रंग-रोगन, पुट्टी, सीमेंट और अन्य सामान की डिमांड ज्यादा है। पेंट की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ लगी हुई है। बारिश के थमने के बाद इस बार लोग एडवांस में आ रहे हैं।
पिछले साल लोग नवरात्र में पुताई कराते थे, लेकिन इस बार लोग 10 दिन पहले से ही पेंट खरीद रहे हैं। लेबर की कमी के कारण लोग चाहते हैं कि नवरात्र से पहले ही घर की पुताई हो जाए। बाजार में 20 लीटर की बाल्टी 1800 से 3500 रुपए तक बिक रही है। पुताई करने वाले मिस्त्रियों की बुकिंग भी फुल हो गई है। एक मिस्त्री एक दिन का 600 से 800 रुपए ले रहे हैं। दिवाली के ठीक पहले मजदूरी में और इजाफा होगा।
नवरात्र में 9 दिन तक माता दुर्गा की अराधना को देखते हुए पूजा-पाठ के सामानों की दुकानों पर रौनक है। चुनरी, नारियल, अगरबत्ती, धूप, कपूर, रोली, मौली, हवन सामग्री की बिक्री शुरू हो गई है। वहीं गोलबाजार से लेकर आमापारा और रायपुरा में नवरात्रि में कलश के सामानों की जमकर खरीदी हो रही है। वहीं जौ, मिट्टी की परई, आम के पत्ते, पूजा की किताबें सब बिक रही हैं। साथ ही मूर्तिकार भी माता दुर्गा की मूर्तियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
दिवाली भले ही एक महीने बाद है, लेकिन लोग अभी से लाइटिंग और सजावट का सामान भी खरीद रहे हैं। कीमतें बढ़ने की आशंका और भीड़ से बचने के लिए अभी से लोग खरीदी करने में जुट गए हैं। बता दें कि बाजार में इस बार झालर लाइट, एलईडी बल्ब, फूल मालाएं और तोरण की नई वैरायटी आई है। चीन की लाइटों के बजाय इस बार मेड इन इंडिया लाइटों की ज्यादा डिमांड है। इस समय बाजार में 60 से लेकर 1000 रुपए तक की झालर उपलब्ध है।
कारोबारियों का कहना है कि बाजार में अभी तो सिर्फ ट्रेलर है, पूरी फिल्म तीन दिन बाद से शुरू होगी। नवरात्र के पहले दिन से ही बाजार में असली भीड़ आएगी। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के मुताबिक नवरात्रि से ही कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन और ऑटोमोबाइल की बंपर बिक्री शुरू होगी। लोग शुभ मुहूर्त में गाड़ियां, टीवी, फ्रिज और सोना-चांदी खरीदेंगे। सराफा कारोबारियों का कहना है कि अभी लोग सिर्फ देखकर जा रहे हैं। हालांकि त्योहारी सीजन को देखते हुए कारोबारी सामान मंगाकर रख रहे हैं।
Updated on:
08 Oct 2026 03:33 pm
Published on:
08 Oct 2026 03:33 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
