
Rampur : 5 माह पहले हुए गैंगरेप को छिपाती रही किशोरी, पेट दर्द होने पर खुला राज।
यूपी के रामपुर जिले में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि किशोरी से कुछ युवकों ने गैंगरेप किया था। हाल में जब पीड़िता के पेट में दर्द हुआ तो परिजनों ने उसे डॉक्टर को दिखाया। डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड कराया तो किशोरी 5 महीने की गर्भवती निकली। यह सुनते ही परिजनों के पैरों तले जैसे जमीन ही न रही। परिजनों ने घर आकर किशोरी से बात की तो उसने घटना के विषय में बताया। इसके बाद भी परिजन पुलिस के पास नहीं गए। बात गांव में फैली तो पंचायत बुला ली गई। पंचायत में पंचों ने तुगलकी फरमान सुनाते हुए किशोरी की 40 साल के दिव्यांग से शादी करा दी गई।
दरअसल, यह घटना रामपुर जिले के स्वार टांडा क्षेत्र स्थित एक गांव की है। जहां कि रहने वाली किशोरी से 5 महीने पहले कुछ युवकों ने सामूहिक बलात्कार किया था, लेकिन उसने इस बात को लोक-लाज के डर से सभी से छिपाकर रखा। आठ दिन पहले जब पीड़िता के पेट में दर्द हुआ तो परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए। जहां डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड कराया तो वह 5 महीने की गर्भवती निकली। इसके बाद भी परिजनों ने झूठी शान की खातिर पुलिस से शिकायत नहीं की और न ही इस संबंध में किसी को कुछ नहीं बताया, लेकिन यह खबर कहां छिपने वाली थी, गांव वालों को पता चल ही गया। इसके बाद मामला पंचायत तक जा पहुंचा।
पंचायत ने ही दबा दी घटना
गांव में हुई पंचायत में पंचों ने किशोरी की 40 वर्षीय दिव्यांग से शादी करने का फरमान सुना दिया। इतना ही नहीं पंचायत ने पीड़िता की शादी भी करा दी। फिर भी पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी गई और मामले को रफा-दफा कर दिया गया।
कोतवाली प्रभारी को घटना की जानकारी नहीं
कोतवाली प्रभारी शरद मलिक ने बताया की उन्हें इस घटना के संबंध में किसी तरह की कोई जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि अगर इस तरह का मामला सामने आएगा तो कार्रवाई जरूर की जाएगी।
Published on:
10 Sep 2022, 12:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.