
घर में फटा गैस सिलेंडर, खाना बना रही महिला के साथ एक साल के बेटे की दर्दनाक मौत
मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक मकान में गैस सिलेंडर फटने से मां के साथ साथ 1 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई है। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले तो शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अस्पचाल पहुंचाया। वहीं, दूसरी तरफ मामले की जांच शुरु कर दी है।
बताया जा रहा है कि, ये दर्दनाक हादसा रीवा जिले के अंतर्गत आने वाले मनगवा थाना इलाके का है। यहां स्थित एक मकान में अंजना वर्मा नामक महिला रोजाना की तरह घर पर गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी, तभी अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। इससे पहले की अंजना कुछ समझ पाती सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया, जिसके बाद घर में आग लग गई। धमाके के कारण घर का एक हिस्सा ढह गया, जिसमें 26 वर्षीय अंजना वर्मा और उसका एक साल का बेटा अर्पित वर्मा मलबे में दब गए। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम
वहीं, दूसरी तरफ धमाके की आवाज सुनकर आस पास रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे और इस घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद तुरंत ही घटनास्थल पर पुलिस फायर ब्रिगेड की टीम के साथ पहुंची और आग पर काबू पाया गया, लेकिन तबतक मां और बेटे की मौत हो चुकी थी। फिलहाल, पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचा दिया है। वहीं, घटना के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल बुला कर जांच करवाई जा रही है।
Published on:
16 Jan 2023, 5:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.