सहारनपुर. सहारनपुर में जहरीली शराब पीकर मरने वालों की संख्या 50 के पार पहुंच चुकी है। सूत्रों के अनुसार जहां अब तक 52 लोगों की मौत की खबर है, वहीं सहारनपुर डीएम ने 47 लोगों की मौत की पुष्टि की है। जिनमें 11 लोगों की मेरठ मेडिकल में, जबकि 36 लोगों की सहारनपुर में मौत हुई है। जिलेभर में इतनी बड़ी संख्या में मौतों के बाद मातम पसरा हुआ है। इसी बीच जिला अस्पताल पहुंचे भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने पीड़ितों का हाल जाना आैर उनके परिजनों से मुलाकात की। इस मौके पर चंद्रशेखर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आेर से दो लाख रुपये मुआवजे की घोषणा को नाकाफी बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को सरकार कम से कम 25 लाख रुपये का मुआवजा दे।