पुलिस के अनुसार देवबंद क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुरकाजी की तरफ से आ रहे मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को पुलिस ने चौकी के पास रुकने का इशारा किया। लेकिन, दोनों बिना बाइक रोके पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए सांपला रोड से देवबंद की ओर भागने लगे। इस पर पुलिस टीम ने वायरलेस कर दिया। वायरलेस पर सूचना मिलते ही स्वाट टीम और देवबंद कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी और बाइक पर भाग रहे दोनों लोगों को नगली बाबूपुर गांव के पास घेर लिया। खुद को घिरता हुआ देख बाइक सवार दोनों लोगों ने एक बार फिर से पुलिस पर फायर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की और मुठभेड़ के बाद बाइक सवार एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका दूसरा साथी फरार हो गया। पैर में गोली लगने से वह मौके पर ही गिर गया था। पूछताछ में इसकी पहचान मोगली के रूप में हुई। विनय उर्फ मोगली पुत्र राजकुमार निवासी डकोटान हिरन मारण कोतवाली नगर का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक इस पर कई मुकदमे दर्ज हैं। इस मुठभेड़ में कोतवाली देवबंद का एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।