
मृतक दिनेश मीणा और गोवर्धन सैनी
गंगापुरसिटी। छोटी उदेई रेलवे स्टेशन के पास पॉइंट पर कार्य कर रहे सिग्नल विभाग के दो कर्मचारियों की बुधवार सुबह करीब 9 बजे ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में कांकर-रैती निवासी ग्रेड प्रथम गोवर्धन सैनी (28) तथा टोडाभीम के कोरी खोहर्रा निवासी सिग्रल सहायक दिनेश मीना (35) शामिल हैं। ट्रेन की चपेट में आने से वे करीब पांच सौ मीटर तक घिसटते चले गए।
इस दौरान ट्रेन करीब 40 मिनट तक खड़ी रही। बाद में मौके पर जीआरपी तथा थाना पुलिस ने कार्यवाही कर शवों को राजकीय सामान्य चिकित्सालय गंगापुरसिटी पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
इधर, सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के पिता रामधन भी रेलवे सेवा में थे। जिनकी पूर्व में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद गोवर्धन का अनुकम्पा नियुक्ति मिली थी। उसे दो छोटे बच्चे हैं।
यह भी पढ़ें
रेलवे कर्मचारियों ने बताया कि दोनों कार्मिक पॉइंट पर मरम्मत का कार्य कर रहे थे। इस दौरान कोटा की ओर से आ रही ट्रेन के कारण वे दूसरी पटरी पर खड़े हो गए। लेकिन मौके पर घुमाव होने के कारण उसी ट्रेक पर आ रही पटना-कोटा ट्रेन उनको दिखाई नहीं दी और वे चपेट में आ गए। अनुमान लगाया जा रहा है कि ट्रेन ने हॉर्न भी दिया होगा, लेकिन पास से गुजर रही ट्रेन की आवाज के कारण वे आवाज नहीं सुन पाए। इसके चलते वे दुर्घटना का शिकार हो गए।
पंचायतनामा के बाद पोस्टमार्टम करा शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द किया है। मामले की जांच की जा रही है।
दलवीर सिंह, जीआरपी थाना प्रभारी
Updated on:
01 May 2025 08:23 am
Published on:
01 May 2025 08:23 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
