
Sirohi: हादसे के दौरान लगी भीड़ (फोटो-पत्रिका)
सिरोही। गणपति विसर्जन के दौरान पिंडवाड़ा क्षेत्र के अजारी गांव में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। एसाउ नदी में प्रतिमा विसर्जन के दौरान पैर फिसलने से दो बालक गहरे पानी में गिर गए। हादसा देख दिव्यांश की मां रेखा ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी और अपने बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं दूसरे किशोर को बचाने के दौरान वह खुद पानी में डूबने लगी। हादसे में 15 वर्षीय सुमित की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।
झाड़ोली गांव के सुथारवाड़ा निवासी कैलाश कुमार प्रजापत का 15 वर्षीय पुत्र सुमित प्रजापत 10वीं कक्षा में पढ़ता था। वह शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे ग्रामीणों के साथ गणपति प्रतिमा के विसर्जन के लिए अजारी स्थित एसाउ नदी पहुंचा था। दोपहर करीब दो बजे विसर्जन के दौरान सुमित और दिव्यांश माली का नदी किनारे अचानक पैर फिसल गया। दोनों देखते ही देखते गहरे पानी में जा गिरे।
हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पास मौजूद दिव्यांश की मां रेखा माली ने बेटे को पानी में डूबते देखा तो उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने दिव्यांश को पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दिव्यांश को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद रेखा माली ने सुमित को बचाने की कोशिश की। वह दोबारा नदी में उतरी और सुमित तक पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन आगे पानी की गहराई अधिक थी। इसी दौरान वह खुद भी पानी में डूबने लगीं। स्थिति बिगड़ती देख नदी किनारे मौजूद लोगों ने तत्काल पानी में उतरकर रेखा को सुरक्षित बाहर निकाला। इस बीच सुमित गहरे पानी में समा चुका था। स्थानीय गोताखोरों ने करीब दो घंटे तक नदी में उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सूचना मिलते ही थानाधिकारी चेलसिंह चौहान पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय स्तर पर तलाश के बाद सिरोही से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सुमित का शव पानी से बाहर निकाला।
108 एंबुलेंस की मदद से सुमित को राजकीय चिकित्सालय पिंडवाड़ा ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
15 वर्षीय सुमित की मौत की खबर गांव पहुंचते ही झाड़ोली में शोक की लहर दौड़ गई। जिस परिवार के लिए गणपति विसर्जन का दिन उत्सव का अवसर था, वहां किशोर की मौत से मातम छा गया।
Updated on:
25 Sept 2026 10:43 pm
Published on:
25 Sept 2026 10:43 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
