सिवनी. शहर के छिंदवाड़ा चौक स्थित तिलक हाईस्कूल एवं शिखरचंद बुनियादी शासकीय प्राथमिक शाला एक ही परिसर व भवन में संचालित हैं। यहां के पक्के जर्जर भवन की दीवार बीते दिनों बारिश में लगातार भीगने के कारण गिर गई है। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दीवार गिरने के बाद एक तरफ से अधर में लटकी छत से हादसे का अंदेशा बना हुआ है। प्रधानपाठक ने इस जर्जर भवन को तोडऩे डीईओ, सीएमओ, बीआरसीसी तक को लिखित सूचना दे दी है, लेकिन रविवार शाम तक किसी ने इस मामले में संज्ञान नहीं लिया है।गौरतलब है कि कलेक्टर संस्कृति जैन की पहल पर जनसहयोग से जिले के ज्यादातर शासकीय स्कूलों में डेस्क-बेंच की व्यवस्था की जा रही है, वहीं दूसरी ओर शहर का यह सबसे पुराने स्कूलों में से तिलक हाईस्कूल बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा के अभाव से जूझ रहा है। हालात ये हैं कि जिस भवन की दीवार गिरी है, उसके आगे के कई कक्ष भी जर्जर हालत में हैं, जिसे बंद रखा गया है, लेकिन विभाग इन स्कूलों को तोड़ नहीं पाया है।