27 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Chhattisgarh / Sukma / एक WhatsApp ग्रुप से बच रही लोगों की जान! सुकमा में ऐसे मिल रहा गोल्डन आवर में कैशलेस इलाज

एक WhatsApp ग्रुप से बच रही लोगों की जान! सुकमा में ऐसे मिल रहा गोल्डन आवर में कैशलेस इलाज

Cashless Treatment: सड़क हादसों में घायलों की जान बचाने के लिए अब एक WhatsApp ग्रुप डिजिटल सुरक्षा कवच बन रहा है। पीएम राहत योजना के तहत इस व्यवस्था से घायलों को गोल्डन आवर में कैशलेस इलाज मिल रहा है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सुकमा

•

image

Khyati Parihar

•

Updated: 27 Nov 2026, 4:54 PM IST

Golden Hour Treatment

सड़क हादसे में घायलों को तुरंत मदद (फोटो सोर्स- पत्रिका)

PM Rahat Yojana: दूरस्थ और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले सुकमा जिले में सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की पहल अब कारगर साबित हो रही है। एक साधारण व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए शुरू किया गया ‘रैपिड रिस्पॉन्स सिस्टम’ दुर्घटना पीड़ितों के लिए डिजिटल सुरक्षा कवच बन गया है। इस व्यवस्था के तहत घायलों को गोल्डन आवर में उपचार उपलब्ध कराने के साथ ही पीएम-राहत योजना के तहत कैशलेस इलाज की सुविधा भी मिल रही है।

29 जुलाई 2026 को शुरू की गई इस पहल के तहत सुकमा, कोंटा और छिंदगढ़ विकासखंड में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी तत्काल प्रशासन तक पहुंचाई जा रही है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग सक्रिय हो जाते हैं और घायल को अस्पताल पहुंचाने से लेकर उपचार की स्वीकृति तक की प्रक्रिया पूरी करने में जुट जाते हैं। इस मॉडल की खासियत स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के बीच एक ही डिजिटल मंच पर समन्वय है। डायल 112 या अस्पताल के माध्यम से दुर्घटना की सूचना व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा होते ही संबंधित अधिकारी तत्काल कार्रवाई शुरू कर देते हैं।

पीएम-राहत पोर्टल पर पंजीयन, पुलिस सत्यापन और आयुष्मान भारत के तहत नि:शुल्क उपचार पैकेज की स्वीकृति जैसी प्रक्रियाएं 24 घंटे के भीतर पूरी करने का प्रयास किया जाता है। स्वास्थ्य एवं तकनीकी टीम इस व्यवस्था का संचालन कर रही है। इसका उद्देश्य कागजी प्रक्रिया में लगने वाले समय को कम कर सड़क दुर्घटना के घायलों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार उपलब्ध कराना है।

तीन महीने में 76 पीड़ितों का पंजीयन, 19 हुए स्वस्थ

प्रशासन की इस पहल के शुरुआती तीन महीनों में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इस दौरान कुल 76 सड़क दुर्घटना पीड़ितों का पंजीयन किया गया। इनमें से 50 मामलों को तत्काल स्वीकृति मिली, जबकि 19 पीड़ित उपचार के बाद पूरी तरह स्वस्थ होकर बिना किसी आर्थिक बोझ के अपने घर लौट चुके हैं। यह व्यवस्था उन परिवारों के लिए राहत साबित हो रही है, जिन्हें दुर्घटना के बाद इलाज के खर्च और सरकारी प्रक्रियाओं की चिंता सताती थी।

केंद्रीय टीम ने भी की सराहना

सुकमा प्रशासन की इस कम लागत वाली पहल की चर्चा अब राष्ट्रीय स्तर पर भी हो रही है। हाल ही में जिले के दौरे पर पहुंची केंद्रीय समीक्षा मिशन (सीआरएम) की टीम ने इस बहुविभागीय समन्वय मॉडल का जायजा लिया और इसकी सराहना की। टीम ने इसे आदिवासी बहुल और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले अन्य जिलों के लिए भी उपयोगी मॉडल बताया।