
बिश्रामपुर. CG murder: केनापारा पर्यटन स्थल के समीप क्वारी में शुक्रवार की सुबह एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव पानी में तैरता मिलने से सनसनी फैल गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। महिला के दोनों हाथ बंधे हुए थे। ऐसे में महिला की हत्या (CG murder) कर शव क्वारी में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस द्वारा महिला की शिनाख्ति के प्रयास किए जा रहे हैं।
सूरजपुर जिले के जयनगर पुलिस ने बताया कि पर्यटन स्थल केनापारा के पीछे क्वारी नंबर 6 में शुक्रवार की सुबह मछली पकडऩे गए लोगों ने अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ देखा। इसकी सूचना उन्होंने तत्काल जयनगर पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही एसडीओपी नंदनी ठाकुर, जयनगर टीआई नरेंद्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक वरुण तिवारी, प्रवीण राठौर, महिला प्रधान आरक्षक संतोषी वर्मा, बिश्रामपुर थाना से प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, महिला आरक्षक शर्मिला पैकरा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
महिला का शव अद्र्धनग्न हालत में था तथा उसके दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए थे। महिला की उम्र 30-35 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने उसकी शिनाख्ती के प्रयास किए, लेकिन उसकी पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।
आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात महिला की हत्या (CG murder) कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया है। क्योंकि घटना स्थल के आसपास कहीं भी महिला के कपड़े नहीं मिल सके हैं।
मामले में पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम करके विवेचना शुरू कर दी है। फिलहाल अज्ञात महिला के शव को पुलिस द्वारा मर्चयुरी में रखवा दिया गया है और शनिवार को पीएम की प्रक्रिया पूर्ण कराई जाएगी।
इस मामले में क्षेत्र के लोगों द्वारा महिला से अज्ञात आरोपियों द्वारा दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या (CG murder) की आशंका जताई जा रही है। उनका कहना है कि पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने महिला की हत्या कर दी होगी और शव को यहां लाकर फेंक दिया होगा।
वहीं कुछ लोगों का मानना है कि कोई विक्षिप्त महिला भी हो सकती है। अज्ञात महिला का शव भी चौबीस घंटे पुराना ही बताया जा रहा है। महिला की शिनाख्ती व पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही वस्तुस्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
पर्यटन स्थल केनापारा में वर्ष भर पूर्व विद्युत विभाग द्वारा विद्युत विच्छेद कर दिए जाने की वजह से चारों तरफ अंधेरा रहता है। केवल एक-दो सौर ऊर्जा के लाइट के भरोसे ही यहां का संचालन हो रहा है।
ऐसी स्थिति में यहां की स्थिति काफी दयनीय हो चुकी है। यहां पर शाम ढलते ही आवारा किस्म के लोगों का जमावड़ा लग जाता है। इस वजह से यहां आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हो रही है।
Updated on:
05 Jul 2024 07:53 pm
Published on:
05 Jul 2024 07:52 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
