
Surajpur News, गड्ढे में बोरियों में भरा गांजा व गिरफ्तार ट्रक ड्राइवर (Photo- Patrika)
सूरजपुर। सूरजपुर जिले के चंदौरा थाने की पुलिस ने अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर स्थित घाट पेंडारी में पलटे ट्रक से 1 करोड़ 19 लाख रुपए का गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मामले में ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार (Hemp smuggler arrested) कर लिया है। बताया जा रहा है कि ट्रक में प्लास्टिक दाना की आड़ में गांजे की तस्करी की जा रही थी। यदि ट्रक नहीं पलटता तो गांजा अपने गंतव्य तक पहुंच जाता। ट्रक के पलटने के बाद के्रन से उसे उठाया जा रहा था। वहीं बिखरे हुए सामान में से 9 बोरियों में भरे 238 किलोग्राम गांजे को सडक़ किनारे गड्ढ़े में रखकर ढंक दिया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सूरजपुर एसपी द्वारा नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी बीच चंदौरा पुलिस को 30 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि घाट पेंडारी में ट्रक क्रमांक यूपी 13 टी-5497 पलटा है, जिसे सुनील कुमार नामक व्यक्ति द्वारा क्रेन के माध्यम से उठवाकर मौके पर बिखरे सामान प्लास्टिक दाना के बोरियों को इकट्ठा कराया जा रहा है। उसने बताया कि ट्रक में लदे कुछ सामान को उठाकर कुछ दूरी पर गड्ढे में रखकर प्लास्टिक तिरपाल से ढंका गया है तथा उधर वह किसी को नहीं जाने दे रहा है।
उसने आशंका जताई कि कोई मादक पदार्थ या आपत्तिजनक वस्तु हो सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस घाट पेण्डारी मुख्य घाट पर पहुंची, जहां एक क्षतिग्रस्त ट्रक (Truck Accident) खड़ा मिला। ट्रक के अगल-बगल जमीन पर सामग्री प्लास्टिक दाना की बोरी रखी थी, लेकिन मौके पर ट्रक ड्राइवर या अन्य व्यक्ति उपस्थित नहीं मिले।
पुलिस ने जब आस-पास की तलाशी ली तो गड्ढे में ढंक कर रखे गए 9 बोरियों में भरा 238 किलो 290 ग्राम गांजा (Hemp seized) मिला। पुलिस ने गांजे को जब्त कर लिया। जब्त गांजे की कीमत 1 करोड़ 19 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने 19 बड़े बोरों में भरे प्लास्टिक दाना समेत ट्रक भी जब्त किया है। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया।
पुलिस (Surajpur Police) ने जब आरोपी ट्रक ड्राइवर उत्तर प्रदेश के देहली गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इंद्रानगर निवासी सुनील कुमार सिंह पिता लक्ष्मण सिंह 32 वर्ष को पकड़ा तो उसने बताया कि वह ओडिशा से प्लास्टिक दाने के साथ गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। उसने बताया कि ट्रक अलीगढ़ उत्तरप्रदेश निवासी साथी के नाम से पंजीकृत है, जिसे वह पार्टनरशिप में चला रहा था।
उसने बताया कि ट्रक में हाथरस उत्तरप्रदेश के ड्राइवर के माध्यम से गांजा लोड कर लखनऊ जा रहा था। इसी दौरान 29 सितंबर को ट्रक घाट पेंडारी में पलट गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी चंदौरा लक्ष्मण सिंह धुर्वे, प्रधान आरक्षक शैलेष सिंह, भगवत दयाल पैकरा, आरक्षक अभय तिवारी, अवधेश कुशवाहा, सुूरज पाटिल, विजय गुप्ता, कमलेश यादव, अमृतलाल जगत, अशोक कुमार व मनोज राजवाड़े शामिल रहे।
Updated on:
01 Oct 2026 07:17 pm
Published on:
01 Oct 2026 06:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
