12 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

छत्तीसगढ़ में कबरा हाथी का आतंक जारी! रात में महिला को कुचला, 6 महीने में 18 लोगों को उतारा मौत के घाट, स्कूल बंद

Elephant Rescue: छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर में कबरा हाथी का आतंक जारी है। हाथी ने 6 महीने में 18 लोगों की जान ले ली। महिला की मौत के बाद उदयपुर के कई स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सरगुजा

•

image

Laxmi Vishwakarma

•

Updated: 12 Nov 2026, 12:08 PM IST

Kabra Elephant Attack

छत्तीसगढ़ में कबरा हाथी का खूनी आतंक (Photo Source- Patrika Create)

Kabra Elephant Attack: छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले में कबरा हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इस हाथी ने एक बार फिर एक महिला की जान ले ली है। बीती रात सूरजपुर जिले के उमेश्वरपुर इलाके में हाथी ने 45 वर्षीय महिला को कुचलकर मार डाला। पिछले छह महीने में यह हाथी 18 लोगों की जान ले चुका है। लगातार हो रही मौतों से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।

महिला की मौत के बाद हाथी सरगुजा जिले के उदयपुर वनपरिक्षेत्र में पहुंच गया है। फिलहाल वह उदयपुर ब्लॉक मुख्यालय के पास झिरमिटी के जंगल में मौजूद है। हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग और प्रशासन अलर्ट हो गए हैं। वहीं, बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास के कई स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

Elephant Terror: महिला को कुचलकर मार डाला, रात 11 बजे की घटना

जानकारी के मुताबिक, कबरा हाथी पिछले तीन दिनों से सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर घूम रहा था। बीती रात हाथी सूरजपुर जिले के उमेश्वरपुर क्षेत्र में पहुंच गया। यहां श्यामपुर इलाके में रात करीब 11 बजे उसने 45 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया और उसे कुचलकर मार डाला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद टीम ने हाथी की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू किया। महिला की मौत के बाद हाथी लक्ष्मीपुर की ओर से उदयपुर वनपरिक्षेत्र में दाखिल हो गया। इसके बाद वह उदयपुर ब्लॉक मुख्यालय के पास स्थित झिरमिटी के जंगल में पहुंच गया।

उदयपुर के कई स्कूलों में छुट्टी घोषित

कबरा हाथी की मौजूदगी अब उदयपुर ब्लॉक मुख्यालय के नजदीक होने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए शिक्षा विभाग ने झिरमिटी जंगल के आसपास के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) मृत्युंजय पांडेय के मुताबिक, झिरमिटी जंगल के एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है।

इन स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है:

  • स्वामी आत्मानंद स्कूल
  • डूमरडीह स्कूल
  • धौरपारा स्कूल
  • ललमटियापारा स्कूल
  • जरहाडीह के प्राथमिक और मिडिल स्कूल

प्रशासन का कहना है कि यह फैसला बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है। हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद ही स्कूलों को दोबारा खोलने का फैसला लिया जाएगा।

ड्रोन से हाथी की निगरानी, ग्रामीणों को जंगल में जाने से रोका

हाथी की लगातार बदलती लोकेशन को देखते हुए वन विभाग की टीम पूरी तरह सतर्क है। ड्रोन की मदद से जंगल में हाथी की निगरानी की जा रही है, ताकि उसके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। सरगुजा डीएफओ लोकनाथ पटेल सहित वन विभाग के अधिकारी और शिक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची है। अधिकारियों ने आसपास के गांवों के लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। ग्रामीणों से कहा गया है कि वे जंगल की ओर न जाएं और हाथी दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे भगाने की कोशिश न करें। वन विभाग हाथी को ट्रैक कर रहा है, ताकि उसकी मौजूदगी वाले इलाकों में लोगों को पहले से सतर्क किया जा सके।

18 लोगों की मौत के बाद रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति

कबरा हाथी पिछले छह महीनों में 18 लोगों की जान ले चुका है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण वन विभाग के सामने इस हाथी को नियंत्रित करना बड़ी चुनौती बन गया है। दीपावली की रात भी इस हाथी ने दो ग्रामीणों को मार डाला था। वहीं, दो दिन पहले कंदरई इलाके में मेहमानी से लौट रहे तुरीपतरा निवासी 66 वर्षीय विशुन राम को भी हाथी ने कुचलकर मार दिया था। लगातार हो रही मौतों को देखते हुए सरगुजा एलीफेंट प्रोजेक्ट के अधिकारियों ने हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उसे रेडियो कॉलर लगाने का प्रस्ताव भेजा था।इसके लिए सरगुजा एलीफेंट प्रोजेक्ट के CCF ने PCCF वन्यप्राणी छत्तीसगढ़ से अनुमति मांगी थी। बुधवार देर शाम PCCF वन्यप्राणी ने आदेश जारी कर हाथी को ट्रैंकुलाइज यानी बेहोश करके रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति दे दी।

क्या होता है रेडियो कॉलर और इससे कैसे मिलेगी मदद?

रेडियो कॉलर एक खास तरह का ट्रैकिंग डिवाइस होता है। इसे हाथी के गले में एक मजबूत पट्टे की मदद से लगाया जाता है। इस डिवाइस के जरिए वन विभाग को हाथी की लोकेशन का पता लगाने में मदद मिलती है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि हाथी जंगल के किस हिस्से में घूम रहा है, किस दिशा में जा रहा है और किस इलाके के करीब पहुंच रहा है, इसकी जानकारी मिल सकती है। इससे वन विभाग पहले से उन गांवों के लोगों को सतर्क कर सकता है, जहां हाथी के पहुंचने की आशंका हो। समय रहते चेतावनी मिलने से ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर जाने का मौका मिल सकता है। हालांकि, रेडियो कॉलर लगाने के बाद भी हाथी के व्यवहार पर नजर रखना जरूरी होगा।

पहले भी हाथियों को लगाए जा चुके हैं रेडियो कॉलर

सरगुजा क्षेत्र में इससे पहले भी करीब आधा दर्जन खतरनाक हाथियों को रेडियो कॉलर लगाए जा चुके हैं। हालांकि, यह प्रयोग पूरी तरह सफल नहीं रहा। जानकारी के मुताबिक, कुछ समय बाद हाथियों के गले से रेडियो कॉलर गिर गए या हाथियों ने उन्हें निकाल दिया। ऐसे में वन विभाग के सामने कबरा हाथी को रेडियो कॉलर पहनाने के साथ उसे सुरक्षित बनाए रखने की भी चुनौती होगी।

Chhattisgarh News Today: रेडियो कॉलर के बाद भी नहीं रुका तो रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी

वन विभाग के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती कबरा हाथी के हमलों को रोकना है। लगातार 18 लोगों की मौत के बाद अधिकारी इस हाथी की निगरानी और नियंत्रण के लिए नए कदम उठा रहे हैं। CCF सरगुजा के मुताबिक, अगर रेडियो कॉलर लगाने और निगरानी बढ़ाने के बाद भी हाथी के हमलों पर रोक नहीं लगती है, तो उसे रेस्क्यू सेंटर भेजने पर विचार किया जा सकता है। इसके लिए आगे अनुमति मांगी जाएगी। फिलहाल उदयपुर और आसपास के गांवों में लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। वन विभाग की टीम हाथी की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है। वहीं, स्कूलों में छुट्टी का फैसला भी बच्चों को किसी संभावित खतरे से बचाने के लिए लिया गया है।