
निवाड़ी. एक तरफ जहां मध्यप्रदेश में सरकार कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर जागरुकता अभियान चला रही है और लोगों को ये समझाने का प्रयास किया जा रहा है कि कोरोना वैक्सीनेशन से कोई खतरा नहीं है वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण अंचलों में वैक्सीनेशन को लेकर अलग ही भय का माहौल बना हुआ है। आए दिन प्रदेश के ग्रामीण अंचलों से ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं जिनमें गांव में वैक्सीनेशन करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ या तो अभद्रता की जा रही है या फिर उन्हें गांव से वापस लौटाया जा रहा है। ऐसी ही एक तस्वीर अब बुंदलेखंड के निवाड़ी जिले से सामने आई है जहां वैक्सीनेशन को लेकर जब खुद कलेक्टर आशीष भार्गव एक गांव में लोगों को समझाने पहुंचे तो एक महिला उल्टे उनसे ही भिड़ गई।
कलेक्टर से भिड़ गई महिला
कलेक्टर आशीष भार्गव निवाड़ी जिले के गांवों के दौरों पर पहुंचे थे इसी दौरान उन्होंने एक गांव में महिला से कोरोना वैक्सीन लगवाने के बारे में पूछा तो ग्रामीण महिला भड़क गई और टीका लगवाने से इंकार किया। कलेक्टर ने उससे बात करने की कोशिश की तो महिला ने भड़कते हुए कहा कि अगर उसने टीका लगवाया और वो मर गई तो कौन जिम्मेदार होगा? कलेक्टर और साथ में मौजूद अन्य अधिकारी व पुलिसकर्मियों ने महिला को काफी समझाने की कोशिश की लेकिन महिला नहीं मानी और टीका लगवाने से इंकार करती रही।
कलेक्टर को भी आया गुस्सा
महिला को काफी देर समझाते समझाते कलेक्टर भार्गव भी गुस्सा हो उठे और उन्होंने महिला के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि वैक्सीन लगवाने से कोई नहीं मर रहा है, इतने सारे लोग वैक्सीन लगवा रहे हैं क्या वो पागल हैं। इतना ही नहीं उन्होंने ये तक कहा कि वो गारंटी लेते हैं कि वैक्सीन से मौत नहीं होगी। लेकिन महिला फिर भी नहीं मानी। इसके बाद कलेक्टर गुस्से में ये तक बोल गए कि वैक्सीन तो तुम लोगों को लगवानी ही पड़ेगी। बता दें कि मध्यप्रदेश के ग्रामीण इलाकों में अभी भी कोरोना वैक्सीन को लेकर कई तरह की भ्रांतियां हैं और ग्रामीणों को इस बात का डर है कि वैक्सीन लगने से उनकी मौत हो सकती है जबकि ऐसा कुछ नहीं है।
देखें वीडियो- पति का काटा चालान तो एसडीएम पर महिला ने तानी चप्पल
Published on:
21 May 2021, 8:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.