
Gaurav Khanna Divorce (फोटो सोर्स- Instagram/Colostv)
Gaurav Khanna Divorce: टीवी शो 'अनुपमा' से मशहूर हुए अभिनेता गौरव खन्ना की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। इस बार मामला 'खतरों के खिलाड़ी 15' के फिनाले से जुड़ा है, जहां स्टैंडअप कॉमेडियन हर्ष गुजराल ने गौरव खन्ना के तलाक को लेकर ऐसा मजाक कर दिया, जिस पर सोशल मीडिया यूजर्स नाराज हो गए। कई लोगों ने हर्ष के कमेंट को निजी जिंदगी की सीमा पार करने वाला बताया और उन्हें जमकर ट्रोल किया।
दरअसल, 'खतरों के खिलाड़ी 15' के फिनाले में अर्चना पूरन सिंह और उनके पति परमीत सेठी अपनी सीरीज 'धमाल विद पति पत्नी और पंगा सीजन 2' को प्रमोट करने पहुंचे थे। इस दौरान शो के होस्ट मुनव्वर फारुकी और अन्य लोगों के साथ बातचीत चल रही थी। इसी दौरान हर्ष गुजराल ने गौरव खन्ना की तरफ इशारा करते हुए अर्चना से कहा कि जिस तरह का माहौल चल रहा है, उन्हें 'पति पत्नी और पंगा' में गौरव को भी लेना चाहिए।
हर्ष की इस बात पर करण वाही, ऋत्विक धनजानी और फरहाना भट्ट हंसने लगे। वहीं मुनव्वर फारुकी ने स्थिति को संभालते हुए कहा, 'हमारे शो पर पंगा होता है, शो के बाहर नहीं।'
गौरव खन्ना ने इस टिप्पणी पर कोई नाराजगी नहीं दिखाई और मुस्कुराते रहे। बाद में उन्होंने यह भी कहा कि हर्ष शो से बाहर निकलने के बाद भी उनके बारे में मजाक करते रहे हैं। गौरव ने अर्चना से मिले सीख का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने खुद पर होने वाले मजाक को भी स्पोर्टिंग तरीके से लेना सीखा है।
हालांकि, एपिसोड प्रसारित होने के बाद इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद कई यूजर्स ने हर्ष गुजराल की आलोचना की। कुछ लोगों ने कहा कि किसी की निजी जिंदगी को सार्वजनिक मंच पर मजाक का विषय बनाना सही नहीं है। एक यूजर ने इसे बेहद गलत बताया, जबकि दूसरे ने हर्ष के कमेंट ौको क्रूर और हद से बाहर बताया।
कई दर्शकों ने गौरव खन्ना की भी तारीफ की और कहा कि उन्होंने पूरी स्थिति को बेहद शालीनता से संभाला। कुछ यूजर्स ने हर्ष के मजाक को 'बेल्ट के नीचे' वाला कमेंट बताते हुए गौरव के संयम की सराहना की। फिलहाल हर्ष गुजराल और गौरव खन्ना की ओर से इस विवाद पर कोई नई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Updated on:
05 Oct 2026 01:40 pm
Published on:
05 Oct 2026 01:40 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
