Udaipur People Craze Hybrid Cars : राजस्थान के मशहूर लेकसिटी उदयपुर में हाइब्रिड कारों का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। फ्यूल एफिशिएंट होने के साथ-साथ पर्यावरण के अनुकूल होने के कारण लोग इन्हें अपना रहे हैं। पिछले तीन साल में ही उदयपुर शहर में 1794 हाइब्रिड कारों की बिक्री हुई है। जबकि, इसकी तुलना में 721 इलेक्ट्रिक कारें बिकी है। ऑटोमोबाइल एक्सपर्टस के अनुसार हाइब्रिड कारों में एक से अधिक ईंधन विकल्प होते हैं। पिछले कुछ साल में लगातार बढ़ते पेट्रोल के दामों को देखकर लोगों ने इलेक्ट्रिक वाहनों का रुख करना शुरू किया था। लेकिन, इसी बीच हाइब्रिड तकनीक के वाहन बाजार में आ गई। ऐसे में वाहन निर्माता कंपनियां भी इनके निर्माण पर जोर दे रही हैं। हाइब्रिड वाहनों में पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी दी जाती है। वाहन पेट्रोल इंजन पर चलते समय बैटरी को चार्ज करता है और फिर बैटरी चार्ज होने पर मोटर की मदद से गाड़ी आगे बढ़ती है। बेहतर माइलेज होने के कारण बाजार में इनकी डिमांड बढ़ रही है।