
कोरोना वायरस के संदिग्ध मिलने पर टेंशन में सरकार, अफसरों को दिये खास निर्देश
उज्जैन/ मध्य प्रदेश के उज्जैन में कोरोना वायरस (coronavirus) के दो संदिग्ध मरीज सामने आने के बाद प्रदेश सरकार की चिंता बढ़ गई है। दोनों मरीज दो हफ्ते पहले चीन (China) के वुहान (Vuhan) शहर से लौटे हैं। दोनों मरीज को उज्जैन के माधव नगर अस्पताल के आइसोलेशन वाॅर्ड में भर्ती हैं। दोनो ही संदिग्ध पीड़ित मां-बेटे हैं। हालांकि, सरकार द्वारा चीन से आने वाले यात्रियों के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी को ही एडवायजरी जारी की गई है, लेकिन दोनो लोग इस एडवायजरी के जारी होने से पहले ही भारत लौट आए थे, जिसके चलते पहले ही इनकी जांच नहीं हो सकी। उज्जैन में इस वायरस से संबंधित मामला सामने आने के बाद सरकार की ओर से स्वास्थ विभाग को एक बार फिर ज्यादा सतर्क रहने के निर्देश दिये गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट ने प्रमुख सचिव समेत सभी जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों को इसकी रोकथाम के निर्देश दिये हैं।
संदिग्ध मरीजों की सर्दी-खांसी में सुधार नहीं
चीन से उज्जैन आए दोनो ही संदिग्ध मरीजों को सर्दी-खांसी की शिकायत है। हालांकि, उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। साथ ही उनका ब्लड सैंपल पुणे भेज दिया गया है। सीएमएचओ डॉ. महावीर खंडेलवाल के मुताबिक, 'मरीज और उसकी मां काे कोरोना वायरस का शिकार माना जा रहा है। हालांकि, रिपोर्ट ना आने तक इस बात की पुष्टी नहीं की जा सकती। दोनो ही मरीजों को विशेष निगरानी अन्य मरीजों से अलग आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। उपचार किस दृष्टी से किया जाएगा, इसका निर्णय रिपोर्ट आने के बाद ही लिया जाएगा। फिलहाल, दोनो ही मरीजों की हालत खतरे से बाहर है।'
पढ़ें ये खास खबर- भारत आया जानलेवा वायरस, जानिए इसके कारण, लक्षण और उपचार
इसे गंभीरता से लें अधिकारी : स्वास्थ मंत्री
इस जानलेवा कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि, इस तेजी से फैलने वाले संक्रमण को लेकर प्रदेश सरकार गंभीर है। प्रदेश के सभी निजी और शासकीय अस्पतालों के साथ साथ एयरपोर्ट पर भी अलर्ट जारी किया जा चुका है। मंत्री ने कहा कि, मैंने प्रमुख सचिव स्वास्थ्य, कमिश्नर हेल्थ के साथ ही प्रदेशभर के स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया है कि इस वायरस ने जो प्रदेश में दस्तक दी है, उसे गंभीरता से लें और इसके रोकथाम को लेकर उचित कदम उठाएं।
प्रभावित देशों से आने वालों कीहो रही स्क्रीनिंग
कोरोना वायरस से संबंधित मामले दुनियाभर से सामने आने के बाद देश समेत मध्य प्रदेश सरकार पहले ही स्वास्थ विभाग को एडवायजरी जारी कर चुकी है। इसके बाद से ही स्वास्थ विभाग द्वारा देवी अहिल्या हवाई अड्डे पर प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों का चेकअप और स्क्रीनिंग करवाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि वायरस को लेकर लोगों में जागरूकता लाने की आवश्यकता है। वायरस क्या है और इससे रोकथाम के लिए विशेष कदम उठाते हुए व्यापक प्रचार किए जाएंगे। सीएमएचओ के मुताबिक, सभी मेडिकल काॅलेज डीन, जिला अस्पताल अधीक्षकों को संदिग्ध मरीज के इलाज के लिए सभी अस्पतालों में आईसाेलेशन वार्ड बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
कोरोना वायरस के ये हैं लक्षण
सीएमएचओ डॉ. प्रवीण जड़िया के अनुसार कोरोना वायरस के शुरुआती लक्षण के रूप में सिरदर्द, नाक बहना, खांसी आना, गले में खराश होना, बुखार आना, बार-बार अस्वस्थ्य होना, छींक आना, थकान महसूस हाेने के साथ, निमोनिया, फेफड़ों में सूजन दिखाई देगी। यदि किसी व्यक्ति में इस प्रकार के लक्षण हों और वह 14 दिन के भीतर किसी ऐसे बीमार व्यक्ति के संपर्क में आया हो तो जांच करवाना जरूरी है।
Updated on:
28 Jan 2020, 7:29 PM IST
Published on:
28 Jan 2020, 7:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.