उज्जैन/ मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई का सिलसिला शुरु हो गया है। विदाई से पहले बारिश दोबारा प्रदेश के अधिकतर इलाकों पर महरबान है। इसी कड़ी में बुधवार को शहर सहित पूरे अंचल में झमाझम बारिश की शुरुआत हुई, जो गुरुवार की सुबह तक जारी रही। बारिश इतनी तेज रही कि, शिप्रा नदी एक बार फिर उफान पर आ गई, जिसके कारण नदी का पानी बड़े पुल की सड़क से गुजरने लगा। रामघाट के सभी मंदिर शिखर तक डूब गए। नाले चोक होने के कारण सड़कों पर किसी तालाब के समान पानी भर गया। दर्जनभर निचले इलाकों के घरों में जलभराव की स्थिति बन गई।