
मथुरा. प्रबुद्ध सम्मेलन में हिस्सा लेने गोवर्धन पहुंचे बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने पहले बांके बिहारी के दर्शन किए। इसके बाद गोवर्धन में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में हिस्सा लिया। मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने बीजेपी सरकार को जमकर आड़े हाथ लिया। उन्होंने कानपुर के विकास दुबे के भतीजे की पत्नी खुशी दुबे को जेल से रिहा कराने की हर संभव मदद की बात भी कही। यूपी में होने जा रहे विधानसभा 2022 के चुनाव को लेकर बसपा महासचिव ने कहा कि बसपा ने चुनाव के लिए सबसे बड़ा गठबंधन जनता के साथ कर लिया है। इसलिए उनकी पार्टी इस चुनाव में किसी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी।
कानपुर के बिकरू कांड में विकास दुबे के भतीजे की पत्नी खुशी दुबे की जमानत को लेकर उन्होंने कहा कि हम बाराबंकी जेल में बंद खुशी दुबे की हर संभव मदद करेंगे। बहुजन समाज पार्टी विकास दुबे के भतीजे अमर दुबे की विधवा को जमानत दिलवाने को कानूनी लड़ाई लड़ने का मन बना चुकी है। उन्हाेंने कहा कि वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार लूट जैसी घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। भाजपा सरकार में आज भी महिलाओं के साथ उत्पीड़न हो रहा है। हत्या हो रही हैं, लूट हो रही हैं, डकैती हो रही हैं, लेकिन सरकार कुछ नहीं कर पा रही है।
राज्य सभा सदस्य मिश्रा ने भाजपा पर प्रहार करते हुए सरकार को नाकाम सरकार बताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी एक ओर जहां देश की तमाम बड़ी संस्था और कंपनियों को अडानी, अंबानी जैसे व्यापारियों के हाथ बेचने का काम किया है। दूसरी ओर मंदिर और मठों पर कब्जे में लगी हुई है। किसानों की आवाज दबाई जा रही है। काले कानून बनाकर आम जनता और किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है।
Published on:
01 Aug 2021 10:07 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
