
bablu lodhi
आगरा। अखिल भारतीय लोधी महासभा ने तय किया है कि आगामी लोकसभा चुनाव 2019 में भारतीय जनता पार्टी का बहिष्कार किया जाएगा। लोधी समाज के सभी पदाधिकारी सामूहिक इस्तीफा देंगे। यह भी कहा गया कि जो राजनीतिक पार्टी सम्मान देगी, लोधी समाज चुनाव में उसी का साथ देगा। वक्ताओं ने कहा कि अगर हम चुनाव जीत नहीं सकते हैं तो क्या हुआ, भाजपा को हरा तो सकते हैं। जिले के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों की प्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से ये बातें कही हैं। पत्रिका ने सुबह ही अवगत करा दिया था कि लोधी समाज क्या करने जा रहा है।
यह भी पढ़ें
गांव-गांव में बनाएंगे भाजपा के खिलाफ माहौल
ये निर्णय लोधी समाज की चिंतन बैठक में लिए गए, जो हैवन्स गार्डन, ताजनगरी फेस-2 में हुई। इसमें लोधी समाज के सैकड़ों की संख्या में लोगों ने शिरकत की। बैठक में सर्वसम्मति से सभी राजनीतिक दलों द्वारा लोधी समाज की उपेक्षा किए जाने पर रोष व्यक्त किया। लोधी समाज के सभी प्रतिनिधियों ने ध्वनि मत से आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का बहिष्कार करने का निर्णय लिया। इसके लिए लोधी महासभा लोधी समाज के गाँव-गाँव में जाकर चौपाल लगाएगी कि इस बार भाजपा से समाज के अपमान का बदला भाजपा को वोट न देकर लेना है। सभी वक्ताओं ने भाजपा जिले के एक पदाधिकारी द्वारा पैसे लेकर पद बाँटने पर आक्रोश व्यक्त किया गया। साथ ही लोधी समाज के सामूहिक कार्यक्रमों से एसे व्यक्ति का सार्वजनिक बहिष्कार का निर्णय लिया गया। आगामी रणनीति के लिए अक्टूबर माह के अंत में सूरसदन में लोधी समाज का बड़ा कार्यक्रम करने का निर्णय लिया गया।
यह भी पढ़ें
चुनाव में अपमान का बदला लेंगे
बैठक को संबोधित करते हुए लोधी महासभा के ज़िलाअध्यक्ष गुलाब सिंह लोधी ने कहा कि लोधी समाज अपना शतप्रतिशत वोट भाजपा को देता है और भाजपा उसके बदले में लोधी समाज का अपमान करती है। भाजपा ने आगरा में लोधी समाज को ना कभी सांसद, ना विधायक का टिकट दिया। ना ही संगठन में कोई महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी दी। लोधी समाज को सम्मान के नाम पर भाजपा ने सिर्फ़ ठगने का काम किया। लोधी समाज अब अपने सम्मान व स्वाभिमान से समझौता नही करेगा। लोधी समाज भाजपा का बंधुआ नहीं है। आगामी लोकसभा चुनाव में लोधी समाज पूर्ण रूप से भाजपा का बहिष्कार करके दिखा देगा।
यह भी पढ़ें
रथयात्रा से भाजपा के खिलाफ माहौल बनाएंगे
अखिल भारतीय लोधी युवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद लोधी ने कहा कि लोधी समाज का भाजपा निरंतर शोषण करती आ रही है। फ़तेहपुर सीकरी लोकसभा में लोधी बहुतायत में है।फिर भी भाजपा द्वारा लोधी समाज का निरंतर अपमान करती आ रही है। समाज अब अपने अपमान का बदला आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को हरा कर लेगा। उन्होंने कहा कि लोधी समाज को अपने राजनीतिक हिस्सेदारी के प्रति जन-जागरूक करने के लिए कचौरा घाट बाह से लेकर फ़तेहपुर सीकरी तक रथ यात्रा निकाली जाएगी।रथ यात्रा सभी विधान सभाओं से होते हुए लोधी समाज के प्रत्येक गाँव में जाएगी।
यह भी पढ़ें
भाजपा ने समाज की चुप्पी को कमजोरी समझा
महासभा के राष्ट्रीय क़ोषाअध्यक्ष राकेश लोधी ने कहा कि भाजपा ने आज तक आगरा में लोधी समाज को आबादी के अनुरूप ना सत्ता ना संगठन में कभी भागीदारी दी। अपने अपमान पर लोधी समाज आज तक चुप रहा। इस चुप्पी को भाजपा ने समाज की कमज़ोरी समझा।अब लोधी समाज इस अपमान बदला भाजपा से आगामी लोकसभा चुनाव में लेगा।
यह भी पढ़ें
भाजपा में आज स्वार्थी लोग
अर्जुन सिंह लोधी क्षेत्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा आज अपने मूल चिंतन से भटक गयी है। भाजपा में आज स्वार्थी लोग आ गये है।भाजपा में आज फ़्रंटल संगठनों के पदों को पैसे लेकर बेचने का काम वो ही व्यक्ति कर रहा है जिस पर सबका साथ सबका विकास की जिन्मेदारी शीर्ष नेतृत्व ने दी थी। इसके ख़िलाफ़ भी लोधी समाज पार्टी शीर्ष नेतृत्व को अवगत करा कर अपने सम्मान व हक़ की बात रखेगा।
यह भी पढ़ें
देंगे इस्तीफा
ज़िला उपाध्यक्ष भाजपा प्रकाश राजपूत ने कहा कि समाज के सम्मान से समझौता किसी भी सूरत में नही किया जाएगा।अगर आवश्यकता हुई तो समाज के सम्मान में भाजपा में जिले से लेकर बूथ तक के पदाधिकारी सामूहिक इस्तीफ़ा देने से भी गुरेज़ नहीं करेंगे।
यह भी पढ़ें
भोलेपन का फायदा न उठाएं
पार्षद मोहन सिंह लोधी ने कहा कि भाजपा लोधी समाज के भोलेपन का नाजायज़ फ़ायदा ना उठाए। समाज अपने सम्मान व स्वाभिमान से समझौता नही करेगा। आवश्यकता हुई तो समाज सड़कों पर उतर कर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा।
यह भी पढ़ें
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम की अध्यक्षता तातश्री व सूरजभान लोधी ने की। संचालन भारतीय जनता पार्टी के महानगर उपाध्यक्ष बबलू लोधी व अनेक सिंह वर्मा ने संयुक्त रूप से किया। प्रमुख रूप से महाराज सिंह लोधी, मिश्रीलाल राजपूत, टुंडा राम लोधी, कुन्दन सिंह लोधी, निहाल सिंह भोले, सूरजभान नेता जी, अतर सिंह लोधी, छीतर सिंह लोधी एडवोकेट, डॉ लाल सिंह, डॉ. भरत सिंह, प्रेमपाल लोधी, पीतम सिंह लोधी, हमवीर सिंह लोधी, डॉ एच एल राजपूत, हरिकिशन लोधी, भूरी सिंह राजपूत, हरिओम लोधी, लटूरी प्रधान, राजेंद्र प्रधान, जनक सिंह ज़िला पंचायत सदस्य, महावीर प्रधान, पृथ्वीराज लोधी, महेश लोधी, नरेश राजपूत, जितेंद्र राजपूत, तेजवीर प्रधान, कल्याण सिंह लोधी, खरग सिंह प्रधान, डॉ. प्रेमपाल लोधी, उदयभान सिंह लोधी, बसंत लोधी, प्रेमनाथ लोधी, योगाचार्य इन्द्रजीत लोधी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Updated on:
30 Sep 2018, 7:40 PM IST
Published on:
30 Sep 2018, 7:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.