
खैरथल. पीडि़त परिवार बीच में खड़े राजेश व उसकी पत्नी पूजा।
घर पर जिन्न और ऊपरी बाधा का साया बता तांत्रिक ने ठग लिए 32 लाख….. पढ़े …. कैसे पकड़ में आया ढोंगी…….
रिटायर्ड सैन्यकर्मी के परिवार को भी नहीं बख्शा
खैरथल. अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र और करोड़पति बनाने का झांसा देकर एक रिटायर्ड सैन्यकर्मी के परिवार से 32 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक महिला ने पड़ोस में रहने वाले कथित तांत्रिक पर परिवार को भूत-प्रेत और मौत का भय दिखाकर रुपए हड़पने का आरोप लगाते हुए खैरथल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर के दांतला रोड निवासी पूजा देवी पत्नी राजेश शर्मा ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके घर के पड़ोस में रहने वाला राजेंद्र प्रसाद शर्मा उर्फ राजू पंडित खुद को तंत्र-मंत्र और चमत्कारी शक्तियों वाला व्यक्ति बताता है। आरोपी ने कहा कि तुम्हारे घर पर जिन्न और ऊपरी बाधा का साया है। यदि विशेष पूजा नहीं करवाई, तो परिवार में किसी की मौत हो सकती है। आरोपी ने पहले पूजा सामग्री और मौलवी बुलाने के नाम पर रकम ली, फिर धीरे-धीरे लाखों रुपए ऐंठ लिए। आरोपी इस परिवार के सदस्यों को हरियाणा के पुन्हाना क्षेत्र में कथित मौलवियों के पास भी लेकर गया। वहां डरावना माहौल बनाकर खोपड़ी, बड़ी तस्वीरें और तांत्रिक क्रियाओं के जरिए परिवार को भयभीत किया। आरोपी ने 10 दिसंबर 2025 को 12 लाख रुपए ले लिए और 2 जनवरी 2026 को फिर से 11.50 लाख रुपए मांगे। बाद में अलग-अलग मौलवियों और पूजा-पाठ के नाम पर कुल 32 लाख रुपए वसूले गए।
पति की दुकान बंद करवाई, 20 दिन में करोड़पति बनाने का दिखाया सपना
पीडि़ता का आरोप है कि उसके पति की पुरानी अनाज मंडी में चाय की दुकान थी। आरोपी ने उसके पति की चाय की दुकान बंद करवा दी और 20 दिन में करोड़पति बनाने का सपना दिखाया। कथित तांत्रिकों द्वारा बलि देने जैसी बातें कहकर परिवार को डराया। मंगलवार रात जब पीडि़त परिवार आरोपी से रुपए मांगने पहुंचा, तो विवाद बढ़ गया। आरोपी ने मारपीट कर पीडि़त पक्ष के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी। बाद में पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई और शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को पीडि़ता ने मामले की रिपोर्ट खैरथल थाने में दर्ज करा दी है।
ऐसे हुआ खुलासा: मामले का खुलासा तब हुआ, जब पीडि़त परिवार ने सीधे पुन्हाना निवासी आबिद नामक व्यक्ति से संपर्क किया। आबिद ने बताया कि उसके पास केवल डेढ़ लाख रुपए कमीशन के पहुंचे थे, बाकी रकम राजेंद्र के पास है। इसके बाद परिवार को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने रुपए वापस मांगे। रुपये मांगने पर आरोपी पहले टालमटोल करता रहा, फिर जान से मारने और उल्टा 40 लाख रुपए की धोखाधड़ी का केस दर्ज कराने की धमकी देने लगा। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी कई लोगों को इसी तरह अपने जाल में फंसा चुका है।
Updated on:
23 May 2026 12:17 am
Published on:
23 May 2026 12:17 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
