
Child relatives
अंबिकापुर. Child died after vaccination: मैनपाट के ढोढ़ीटिकरा आंगनबाड़ी केन्द्र में 3 साल के बच्चे की टीका लगने के बाद मौत हो गई। परिजन ने मौत का कारण टीकाकरण (Child died after vaccination) बताया है। परिजन के आरोप के बाद बच्चे के शव का पीएम कराया गया है। इस मामले में सीएमएचओ ने कहा कि पीएम रिपोर्ट में बच्चे की सांस नली एवं गले में दूध फंसा मिला है। उसका बिसरा व ब्लड सैंपल प्रिजर्व किया गया है।
मैनपाट के ग्राम परपटिया निवासी सहत राम मझवार पत्नी फूलमति के साथ मंगलवार को अपने 3 वर्षीय बच्चे को ढोढ़ीटिकरा के आंगनबाड़ी केंद्र में टीकाकरण (Child Vaccination) के लिए ले गया था। बुधवार तडक़े करीब 3.30 बजे बच्चे की मौत हो गई।
टीकाकरण के बाद बच्चे को बुखार आ गया था। परिजनों ने टीकाकरण के बाद बच्चे की मौत हो जाने की जानकारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य अमले को दी।
टीकाकरण के बाद बच्चे की मौत का आरोप परिजन द्वारा लगाए जाने पर शव का पीएम कमलेश्वरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में कराया गया है। बच्चे के शव का बिसरा एवं ब्लॅड सैंपल प्रिजर्व किया गया है, जिसे जांच के लिए रायपुर भेजा जाएगा।
बच्चे के पिता का कहना है कि टीकाकरण से पूर्व बच्चा पूरी तरह स्वस्थ था। आंगनबाड़ी में टीका लगाए जाने के बाद बच्चे की तबियत बिगड़ गई और देर रात उसकी मौत (Child died after vaccination) हो गई।
वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का कहना है कि मंगलवार को 7 अन्य बच्चों को भी टीका लगाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने इन बच्चों के परिजन से संपर्क पर जानकारी ली तो सभी बच्चे सामान्य बताए गए हैं।
सीएमएचओ डॉ. प्रेम सिंह मार्को का कहना है कि जिस आंगनबाड़ी केन्द्र का मामला सामने आया है वहां अन्य बच्चों को भी टीका (Vaccine) लगाया गया था। सभी ठीक हैं। यह बच्चे के नाक एवं सांस नली में दूध फंसा पीएम के दौरान पाया गया है। आशंका है कि दूध फंसने से बच्चे की मौत हुई है।
Updated on:
25 Sept 2024 08:57 pm
Published on:
25 Sept 2024 08:57 pm
