Silver Price : चांदी महंगी होती जा रही है। इस कारण आभूषणों में इसका उपयोग व मात्रा कम हो रही है। हालात यह कि खरीदी के साथ ही आभूषणों को बेचने का सौदा किया जा रहा है। खरीदी और बिक्री की राशि के जोड़-बाकी को उपयोग के समय से आंका जा रहा है। वागड़ अंचल में खाखरी, कड़े, नारमुखी , हाली, कमरबंद, बेल्ट, पायजेब, बिच्छी प्रमुख आभूषण हैं, जो अमूमन चांदी के लिए पसंद किए जाते हैं। शादी की खरीदारी के तहत पूरा परिवार ही आभूषण पसंद करने बाजार जाता है। पर अब उन दुकानों पर आभूषण ज्यादा पसंद किए जाते हैं जहां वापस करने पर अच्छी राशि मिल सके। कारण चांदी बहुत महंगी हो गई। ऐसे में आभूषण और भी महंगे हो गए, एक तो टैक्स दूसरा मेकिंग चार्ज। इस कारण अब बहुत से परिवार आभूषण लेते समय ही दुकानदार से तय कर लेते हैं कि शादी के एक-दो माह बाद वापस कर देंगे। इससे शादी के समय समाज में शोभा बनी रहती है। बाद में कट कर कुछ पैसा भी वापस मिल जाता है। इधर, बड़े कारोबारी के अनुसार मिडिल क्लास कस्टमर चांदी से दूर होता जा रहा है।