
डायरिया और डेंगू का कहर : डायरिया की शिकार 2 बच्चियों ने तोड़ा दम, डेंगू से 6 माह के बच्चे की मौत
भोपाल. प्रशासन के तमाम व्यवस्थागत दावों के बावजूद मध्य प्रदेश में डायरिया और डेंगू का कहर बढ़ता जा रहा है। आलम ये है सूबे टीकमगढ़ डायरिया की चपेट में आईं दो बच्चियों की मौत हो गई है। वहीं, मुरैना में डेंगू पीड़ित 6 माह के बच्चे ने दम तोड़ दिया है। वहीं, ग्वालियर में बुखार की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे मरीज को डेंगू की पुष्टि हो गई है।
टीकमगढ़ में मासूमों ने दम तोड़ा
सबसे पहले बात करें सूबे के टीकमगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत केशवगढ़ में भंडारे में भोजन करने के बाद डायरिया फैल गया। उल्टी दस्त होने से 9 माह की बच्ची और 10 साल की बालिका की मौत हो गई। वहीं, गांव में 100 से ज्यादा लोग उल्टी - दस्त की समस्या से जूझ रहे हैं। जानकारी लगते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि, गांव में कैंप लगाकर इलाज कार्य शुरु किया गया है। वहीं, एक दर्जन से अधिक गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है।
मासूम की डेंगू से मौत
वहीं, मुरैना जिले में डेंगू का कहर बढ़ता जा रहा है। जहां नगर निगम के वार्ड क्रमांक 14 से पार्षद युवराज डंडौतिया के 6 माह के बच्चे को डेंगू हो गया था, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं इलाज के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया।
ग्वालियर में डेंगू का कहर
इसके अलावा, सूबे ग्वालियर में भी डेंगू कहर बरपा रहा है। GRMC की जांच रिपोर्ट में 99 सैंपल की जांच की गई, जिनमें 31 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। बुखार से पीड़ित हर तीसरा मरीज डेंगू की चपेट में है। बता दें कि, इस सीजन ग्वालियर में अब तक शहर में डेंगू के 345 मरीज मिले हैं।
यहां 151 बुजुर्ग जोड़ों ने लिए 7 फेरे, झूमकर नाचे नाती - पोते, वीडियो वायरल
Published on:
2 Nov 2022, 4:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.