प्रदेश में बिजली कटौती का मुद्दा इतना गर्म हो चुका है कि, अब यहां कि जनता, विपक्ष के बाद राज्य की कांग्रेस सरकार को उनके ही लोग घेरने लगे हैं। राजधानी भोपाल की मध्य विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक आरिफ मसूद ने इस मुद्दे पर अब सीधे-सीधे बिजली मंत्री को ही ललकार दिया है। मसूद ने ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह के बारे में टिप्पणी करते हुए कहा कि, 'अगर आपकी जगह मैं होता तो अब तक कई अफसरों को जेल भेज चुका होता।' इससे पहले विधायक मसूद, बिजली कटौती से नाराज़ होकर बिजली दफ्तर भी पहुंच चुके हैं। वहां उन्होंने बिजली कटौती को लेकर नाराज़गी भी जाहिर की थी। उस दौरान विधायक ने कहा था कि, 'पुराने शहर के इलाकों में जानबूझकर बिजली गुल की जा रही है, जो सरारस गलत है।'