
एमपी मंत्रिमंडल का आज विस्तार
एमपी मंत्रिमंडल का आज विस्तार हो रहा है। पूर्व पीएम अटलबिहारी बाजपेयी के जन्मदिन पर आज सीएम मोहन यादव की केबिनेट सुराज की शपथ लेगी। शपथ ग्रहण समारोह 3.30 बजे शुरु होगा। राजभवन में सादे समारोह में 18 से 20 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। संभावित मंत्रियों के नाम बेहद गोपनीय रखे गए हैं हालांकि राजधानी भोपाल से दो नाम सामने आ रहे हैं। संभावित मंत्रियों को देर रात फोन कर तैयार रहने को कहा गया है।
सीएम मोहन यादव ने मंत्रिमंडल के विस्तार के लिए राज्यपाल मंगुभाई पटेल से सोमवार को सुबह 9.30 बजे मुलाकात का वक्त मांगा है। राज्यपाल से मुलाकात के दौरान जहां सीएम उनसे चर्चा करेंगे वहीं मंत्रिमंडल की सूची भी उन्हें सौंपेंगे।
इधर मंत्री पद के चेहरों के चयन को लेकर टीम मोहन का पूरा गणित लोकसभा चुनाव को देखते हुए तय किया गया है। इसके तहत अंचल, जाति और अनुभव का संतुलन मंत्रिमंडल में दिखेगा। मंत्रिमंडल 18 से 20 सदस्यों का हो सकता है।
सोमवार को मंत्रिमंडल का गठन तो हो जाएगा लेकिन अभी विभागों का बंटवारा नहीं किया जाएगा। मंत्रियों को विभागों के बंटवारे में दो से तीन दिन और लगेंगे।
इनका नाम तय
राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, रीति पाठक, उदयप्रतापसिंह, तुलसी सिलावट, ब्रजेंद्रप्रतापसिंह, प्रद्युम्न सिंह तोमर, संपतिया उइके, हेमंत खंडेलवाल
भोपाल से संभावित दो नाम
राजधानी भोपाल से विश्वास सारंग और कृष्णा गौर दोनों ही संभावित हैं। इनके अलावा अन्य वरिष्ठ विधायकों में एंदलसिंह कंसाना, निर्मला भूरिया, महेंद्रसिंह यादव, मनीषा सिंह का नाम भी संभावितों में शामिल है। वहीं सागर में कई वरिष्ठ विधायकों से पार्टी में असमंजस बना हुआ है, वहां से किसी एक को ही मौका मिलेगा।
देर रात दी सूचना
मंत्री बननेवाले विधायकों को सूचना देने का सिलसिला देर रात शुरु किया गया। पहले दूरीवाले विधायकों को सूचना दी गई। इधर सोमवार का सीएम का ग्वालियर दौरा भी स्थगित हो गया। सीएस वीरा राणा ने मंत्रिमंडल गठन को लेकर अधिकारियों की बैठक ली और आवश्वक तैयारियां करने को कहा।
Published on:
25 Dec 2023, 9:05 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.