
एमपी में आज मंत्रिमंडल का विस्तार
एमपी में आज मंत्रिमंडल का विस्तार हो रहा है। मंत्रियों के नामों पर लोेग कयास लगा रहे हैं। उधर शपथ लेनेवाले विधायकों को देर रात फोन कर उन्हें तैयारी के लिए कहा गया। संभावित मंत्रियों के नाम गोपनीय रखे गए हैं हालांकि कुछ विधायकों का मंत्री बनना तय है।
इस बीच सीएम डॉ. मोहन यादव ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर गवर्नर
मंगुभाई पटेल से मुलाकात की। सोमवार को सुबह 9.30 बजे वे राज्यपाल मिलने पहुंचे। गवर्नर से मुलाकात के दौरान सीएम ने चर्चा करते हुए उन्हें उन विधायकों की सूची सौंपी जिन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई जानी है।
वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में काम करेंगे मंत्री
गवर्नर से मुलाकात के बाद सीएम ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि नया मंत्रिमंडल आज दोपहर में शपथ लेगा। उन्होंने कहा कि नए मंत्रियों को गवर्नर 3.30 बजे पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वरिष्ठ नेता हमारा मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि नया मंत्रिमंडल, पीएम मोदी और अमित शाह सहित वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में राज्य के विकास के लिए काम करेगा।
शपथ ग्रहण समारोह 3.30 बजे शुरु होगा। बताया जा रहा है कि राजभवन में सादे समारोह में 18 से 20 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। मंत्री पद के चेहरों के चयन को लेकर टीम मोहन का पूरा गणित लोकसभा चुनाव को देखते हुए तय किया गया है। इसके तहत अंचल, जाति और अनुभव का संतुलन मंत्रिमंडल में दिखेगा। अभी विभागों का बंटवारा नहीं किया जाएगा।
इनका नाम तय
राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, रीति पाठक, उदयप्रतापसिंह, तुलसी सिलावट, ब्रजेंद्रप्रतापसिंह, प्रद्युम्न सिंह तोमर, संपतिया उइके, हेमंत खंडेलवाल
भोपाल से दो संभावित
राजधानी भोपाल से विश्वास सारंग और कृष्णा गौर दोनों ही संभावित हैं। इनके अलावा अन्य वरिष्ठ विधायकों में एंदलसिंह कंसाना, निर्मला भूरिया, महेंद्रसिंह यादव, मनीषा सिंह का नाम भी संभावितों में शामिल है। वहीं सागर में कई वरिष्ठ विधायकों से पार्टी में असमंजस बना हुआ है, वहां से किसी एक को ही मौका मिलेगा।
Published on:
25 Dec 2023, 10:34 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.