
Bilaspur Train Accident: इंटरसिटी एक्सप्रेस के नीचे से गुजर रहा था रेलकर्मी(photo-patrika group)
Bilaspur Train Accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के कोचिंग डिपो में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बिलासपुर-नागपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के मेंटेनेंस के दौरान रेलवे इलेक्ट्रिकल विभाग के सहायक तकनीशियन एस. शिवा राव ट्रेन के नीचे से दूसरी ओर जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान ट्रेन को जोनल स्टेशन की ओर बैक किया जाने लगा। हादसे में उनका बायां पैर पहिए की चपेट में आ गया और एड़ी के पास से कटकर अलग हो गया। साथी कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 2:14 बजे कोचिंग डिपो की वॉशिंग लाइन नंबर चार की है। इंटरसिटी एक्सप्रेस के निर्धारित मेंटेनेंस के दौरान एस. शिवा राव ट्रेन के विद्युत संबंधी हिस्सों की जांच कर रहे थे। काम पूरा होने के बाद ट्रेन को जोनल स्टेशन की ओर बैक किया जा रहा था।
इसी दौरान तकनीशियन ट्रेन के नीचे से दूसरी ओर जाने लगे। ट्रेन की गति धीमी होने के कारण उन्हें लगा कि वह आसानी से दूसरी तरफ निकल जाएंगे। हालांकि, उनका बायां पैर ट्रैक के किनारे निकले पाइप में फंस गया और इसी दौरान पहिए की चपेट में आने से पैर एड़ी के पास से कट गया।
हादसे के बाद कोचिंग डिपो में अफरा-तफरी मच गई। साथी रेलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल तकनीशियन को बाहर निकाला। बताया गया कि पास की लाइन में खड़ी चेन्नई एक्सप्रेस से कंबल लाकर उन्हें उसमें लिटाया गया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उन्हें अपोलो अस्पताल ले जाया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारी और इंजीनियर भी अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार घायल रेलकर्मी की हालत स्थिर है और वह बातचीत कर रहा है। हालांकि, हादसे में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा है।
बिलासपुर-नागपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस दोपहर 3:20 बजे बिलासपुर से नागपुर के लिए रवाना होती है। इसके चलते कोचिंग डिपो में ट्रेन का मेंटेनेंस निर्धारित समय पर पूरा किया जाता है। मेंटेनेंस के दौरान ट्रेन की सफाई के साथ उसके अलग-अलग हिस्सों की तकनीकी जांच भी की जाती है।
एस. शिवा राव ने भी इंटरसिटी एक्सप्रेस के विद्युत संबंधी हिस्सों की जांच की थी। काम पूरा होने के बाद ट्रेन को जोनल स्टेशन की ओर बैक किया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन के नीचे से दूसरी ओर जाने की कोशिश में यह हादसा हो गया।
हादसे के समय सहायक तकनीशियन ट्रेन के नीचे से दूसरी ओर क्यों जा रहे थे, इसकी वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका है कि वह अपना टूल बॉक्स लेने के लिए ट्रेन के नीचे से पार कर रहे थे।
एस. शिवा राव अनुभवी रेलकर्मी बताए जा रहे हैं और लंबे समय से कोचिंग डिपो में कार्यरत हैं। ऐसे में उनके ट्रेन के नीचे से गुजरने को लेकर साथी कर्मचारियों के बीच भी चर्चा है। घटना के समय ट्रेन धीमी गति से बैक हो रही थी। हादसे की वास्तविक वजह घायल रेलकर्मी के बयान और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Updated on:
24 Sept 2026 04:51 pm
Published on:
24 Sept 2026 04:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
