गाजियाबाद. दिल्ली से सटे गाजियाबाद में बदमाशों के हौसले खासे बुलंद हैं। पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद भी बदमाश अपने बेखौफ मंसूबों में कामयाब हो रहे हैं। ताजा मामला लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र का है। जहां एक युवक को उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई। जब युवक अपने घर जा रहा था। आनन-फानन में मौके पर मौजूद लोगों ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अवस्था में पड़े युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बदमाशों की तलाश में जुट गई है।